पुणे : इंजीनियर ने की डॉक्टर पत्नी की हत्या, पहली दो पत्नियों की भी हत्या का शक

पुणे : इंजीनियर ने की डॉक्टर पत्नी की हत्या, पहली दो पत्नियों की भी हत्या का शक

प्रतीकात्मक फोटो

खास बातें

  • हत्या के बाद डेढ़ साल के बच्चे को छोड़कर भाग गया
  • 20 हजार में खरीदी थी गन
  • पहली दो पत्नियों की मौत भी संदिग्ध परिस्थितियों में
पुणे:

एक घरेलू विवाद के बाद अपनी स्त्री रोग विशेषज्ञ पत्नी की पुणे के हिंजेवाडी इलाके में उसके क्लीनिक में कथित तौर पर गोली मार कर हत्या करने वाले 38 वर्षीय आईटी पेशेवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मनोज पाटीदार ने घरेलू विवाद को लेकर हुई लड़ाई के बाद एक देसी पिस्तौल से अपनी तीसरी पत्नी डॉक्टर अंजली पाटीदार (34) को गोली मार दी।

वाकड थाना के सहायक पुलिस इंस्पेक्टर महेन्द्र अहीर ने बताया, हमें हिंजेवाडी आईटी हब की एक आईटी कंपनी में काम करने वाले पाटीदार के बारे में सूचना मिली थी कि उसने 20,000 रुपये में एक सप्ताह पहले देसी पिस्तौल खरीदी थी।’ उन्होंने बताया, धवार को किसी घरेलू मुद्दे पर हुई लड़ाई के बाद उसने कथित तौर पर पत्नी के सिर में गोली मार दी और अपने डेढ़ वर्षीय बच्चे को छोड़कर भाग गया।

मध्य प्रदेश का रहने वाला पाटीदार जब शहर से भागने का प्रयास कर रहा था उसी समय उसे धर दबोच लिया गया और कल देर रात उसे यहां गिरफ्तार कर लिया गया। पाटीदार की यह तीसरी शादी थी।

अहीर ने बताया, पूछताछ के दौरान हमें जानकारी मिली कि पूर्व में उसकी दो पत्नियों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। हालांकि उसने दावा किया कि उन दोनों ने इमारत से कूद कर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली थी। हालांकि, उन दोनों की मौत में गड़बड़ी का संदेह है। आरोपी के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हम उस व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं जिसने एक सप्ताह पहले आरोपी को हथियार दिया था।’’

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com