हरियाणा ने भी मीट ब्रिकी पर लगाई रोक, 19 सितंबर तक बंद रहेंगे सभी बूचड़खाने

हरियाणा ने भी मीट ब्रिकी पर लगाई रोक, 19 सितंबर तक बंद रहेंगे सभी बूचड़खाने

चंडीगढ़:

जैन समुदाय के पर्यूषण पर्व को देखते हुए हरियाणा में भी मीट बिक्री पर रोक लगा दी गई है। जैन समुदाय के पर्व के मद्देनजर 11 से 19 सितंबर तक पाबंदी लगाई गई है। हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने राज्य के सभी बूचड़खानों को बंद रखने का आदेश दिया है। इस आदेश के साथ ही हरियाणा ऐसा करने वाला पांचवां भाजपा शासित प्रदेश बन गया है।

इससे पहले महाराष्ट्र, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ ने भी मांस बिक्री पर रोक लगा दी थी।

अपने आदेश में राज्य के शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने कहा है कि जैन धर्म के पर्यूषण पर्व के मौके पर सभी बूचड़खाने 11 से 19 सितंबर तक बंद रहेंगे। ख़ास बात ये है कि हरियाणा की शहरी निकाय मंत्री कविता जैन ख़ुद जैन समुदाय से हैं।

बता दें कि शुक्रवार को छत्तीसगढ़ ने भी पशुवध और मांस बिक्री पर 17 सितंबर तक रोक लगाने का आदेश दिया था। इससे पहले मुंबई में लगाए गए प्रतिबंध को शहर के मटन व्यापारी और कई राजनीतिक पार्टियों ने चुनौती दी थी, जिसमें महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी पार्टी शिव सेना भी शामिल थी। इसके बाद मुंबई की निकाय समिति ने प्रतिबंध को चार दिन से घटाकर दो दिन कर दिया।

महाराष्ट्र में शासित पार्टी भाजपा इस प्रतिबंध को चार की जगह आठ दिन तक करना चाह रही थी, लेकिन विपक्ष और अपनी सहयोगी पार्टी शिव सेना से मिले कड़े विरोध के बाद उसने अपने कदम पीछे हटा लिए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वहीं, बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस प्रतिबंध को काफी दकियानूसी बताया है। इस बारे में जजों का कहना था कि भावनात्मक पहलू को समझा जा सकता है लेकिन हर किसी को खरीदने की स्वतंत्रता है।