आपत्तिजनक बयान पर गिरिराज घिरे, अब बोले- आई एम सॉरी

नई दिल्ली:

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर से विवादित बयान दिया है। अब यह बात और है कि खुद गिरिराज सिंह ने इसके लिए खेद जता दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर मेरे बयान से सोनिया या राहुल आहत हए हों तो मैं माफी मांगता हूं |

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर तमाम नेताओं और पब्लिक फिगर्स ने तीखी आलोचना की है। खुद बीजेपी नेता गिरिराज सिंह के इस बयान से खुद बीजेपी ने किनारा काट लिया है। वहीं, NDTV से नाइजीरियाई उच्चायोग ने कहा, गिरिराज का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है | दोनों देशों के संबध अच्छे हैं और गिरिराज का यह बयान अवांछित है |

आपको बता दें कि कि सिंह ने सोनिया गांधी के गोरे रंग का हवाला देते हुए कहा है कि सोनिया अपने गोरे रंग के कारण कांग्रेस की अध्यक्ष बनी हैं। हाजीपुर में बुधवार को दिए गए इस विवादित बयान में  उन्होंने कहा कि अगर राजीव गांधी ने किसी नाइजीरियाई महिला से शादी की होती जो गोरी चमड़ी वाली नहीं होती तो क्या तब भी कांग्रेस पार्टी उनका नेतृत्व स्वीकार करती?

बीजेपी ने सिंह के बयान पर कहा कि रंग जाति धर्म पर हमें खुद टिप्पणी मंजूर नहीं है। सिंह के बयान पर सीपीएम नेता वृंदा करात ने कहा है कि यह बेहद घटिया बयान है। अपने मंत्रियों को ऐसा करने से रोकने की ज़िम्मेदारी प्रधानमंत्री की है। किरण बेदी ने कहा है कि यह समझ पाना मुश्किल है कि ऐसे बयानों के पीछे किस तरह की मानसिकता काम करती है। किरण बेदी ने कहा, 'मैं एक व्यक्ति के रुप में गिरिराज सिंह के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण मानती हूँ। यह एक ग़ैरज़िम्मेवार स्टेटमेंट है और ऐसे लोग आदत से मजबूर होते हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कांग्रेस के नेता प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि गिरिराज सिंह का बयान महिला विरोधी और नस्लभेदी है।  सभी विपक्षी दलों ने गिरिराज सिंह के बयान की निंदा की और वहीं कांग्रेस ने गिरिराज सिंह के बयान को घटिया और अभद्र बताया।