यह ख़बर 09 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

मुंबई में मॉनसून की पहली बारिश, कई जगह जलभराव

खास बातें

  • दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून ने मुंबई में दस्तक दे दी है। रविवार को मुंबई में हुई बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दिलाई, वहीं इसके कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
मुंबई:

दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून ने मुंबई में दस्तक दे दी है। रविवार को मुंबई में हुई बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दिलाई, वहीं इसके कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह पांच बजे तक दक्षिण मुंबई में 32 मिलीमीटर और कई उपनगरों में 36.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अगले 24 घंटों में मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। बारिश के बाद शहर के तापमान में गिरावट आई है और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के साथ मौसम सुहावना हो गया है। वहीं अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अगले दो दिनों तक मौसन खुशगवार बने रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। शनिवार की रात से जारी बारिश के बाद शहर में कई जगहों पर पानी जमा हो गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ऑफ ग्रेटर मुंबई (एमसीजीएम) के आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि दादर पूर्व इलाके में रात भर हुई भारी वर्षा के बाद क्षेत्र में डेढ़ फुट तक पानी भर गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

जोगेश्वरी, विखरोली, मझगांव, मलाड जैसे दूसरे निचले इलाकों में भी बारिश के बाद पानी भर गया है। रविवार की सुबह मुंबई में यातायात एवं परिवहन भी प्रभावित रहा। हालांकि पश्चिमी और मध्य रेलवे की उपनगरीय रेल सेवाएं अपने निर्धारित समय पर चलती रहीं। राज्य के दूसरे जिलों में भी अच्छी वर्षा होने से गर्मी से राहत मिली।