9 जून को केरल पहुंचेगा मॉनसून, मौसम विभाग ने दी जानकारी

9 जून को केरल पहुंचेगा मॉनसून, मौसम विभाग ने दी जानकारी

प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली:

केरल तट पर 9 जून को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पहुंचेगा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है। हालांकि भीषण गर्मी से झुलस रहे उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं आएगा।

इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को कहा था कि केरल में अगले 48 घंटे में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पहुंचने के अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।' मौसम विभाग ने इससे पहले कहा था कि मॉनसून 7 जून को केरल के तट पर पहुंच सकता है। इसमें अनुमान में गलती की गुंजाइश के तौर पर मॉनसून के चार दिन आगे या पीछे होने की बात कही गई थी।

मौसम विभाग ने तटीय कर्नाटक, केरल, अरुणाचल प्रदेश, दक्षिण भीतरी कर्नाटक और लक्षदीप में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है। तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के भीतरी इलाकों में गरज के साथ बारिश और आंधी आ सकती है।

विभाग ने कहा, 'उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के दूरदराज के इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।' हालांकि इस बीच राजस्थान के कुछ इलाकों और पश्चिम एवं पूर्व मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, दक्षिण उत्तर प्रदेश और गुजरात में लू की दशाएं बने रहने का अनुमान है।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com