यह ख़बर 12 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

मप्र उपचुनाव : महेश्वर सीट के लिए 72 फीसदी मतदान

खास बातें

  • मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव में मंगलवार को 72.18 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। कड़ी सुरक्षा बीच मतदान शांतिपूर्ण रहा।
खरगोन:

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव में मंगलवार को 72.18 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। कड़ी सुरक्षा बीच मतदान शांतिपूर्ण रहा।

कांग्रेस की विधायक विजयलक्ष्मी साधो के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद महेश्वर विधानसभा सीट रिक्त हो गई थी। इस विधानसभा क्षेत्र से जहां कांग्रेस ने विजयलक्ष्मी के भाई देवेंद्र साधो को मैदान में उतारा है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजकुमार मेव को अपना प्रत्याशी बनाया है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयदीप गोविंद ने बताया कि महेश्वर विधानसभा क्षेत्र में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के लिए अर्द्धसैनिक बल की पांच कम्पनियों को तैनात किया गया। साथ ही बड़ी संख्या में होमगार्ड एवं पुलिस बल तैनात किया गया। उन्होंने बताया कि उपचुनाव में कुल 219 मतदान केंद्रों पर 72.18 फीसदी लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया जिसमें 72.13 फीसदी पुरुषों एवं 72.24 फीसदी महिलाओं ने मताधिकार का उपयोग किया।

महेश्वर विधानसभा क्षेत्र की कुल जनसंख्या 3.05 लाख है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या एक लाख 83 हजार 900 हैं। तीन मतदान केंद्रों पर 90 फीसदी से अधिक मतदान हुए। 75 मतदान केंद्रों पर 80 से 90 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। 10 मतदान केंद्रों पर हालांकि 50 फीसदी से कम मतदान हुआ।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक उमरिया में मतदान केंद्र संख्या 201 तथा माचलपुर में मतदान केंद्र संख्या 146 पर वोटिंग मशीन को तकनीकी कारणों से बदलना पड़ा। मशीन बदलने के बाद मतदान सामान्य रूप से चलता रहा।