यह ख़बर 25 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

मुंबई गैंगरेप : सभी आरोपी गिरफ्तार, परिवार ने की 'कड़ी सजा' की मांग

खास बातें

  • मुंबई में फोटो पत्रकार के साथ गुरुवार शाम हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को रविवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले शनिवार को तीसरे और चौथे आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था।
मुंबई:

शहर में एक युवा फोटो पत्रकार से बर्बर सामूहिक बलात्कार के मामले में घटना के तीन दिन बाद सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सामूहिक दुष्कर्म की इस वारदात ने समूचे देश को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित लड़की के परिजनों ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग की है।

चौथे आरोपी कासिम बंगाली को शनिवार देर रात मुम्बई से गिरफ्तार किया गया, जबकि पांचवें आरोपी सलीम अंसारी को शनिवार को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले में पांचवें और अंतिम आरोपी अंसारी को मुम्बई पुलिस की अपराध शाखा ने राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार किया जिसे मुम्बई लाया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस को इस गिरफ्तारी के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी।

इससे पूर्व, पुलिस ने कल दो आरोपियों विजय जाधव और सिराज रहमान को गिरफ्तार किया था। एक अन्य आरोपी चांद बाबू सत्तार शेख उर्फ मोहम्मद अब्दुल को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। विजय और चांद को कल अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 30 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

अंसारी को दिल्ली के अशोक विहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इस बीच फोटो पत्रकार के साथ हुए सामूहिक बलात्कार मामले में दो आरोपियों को आज एक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिन्होंने उसे 30 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोपियों मोहम्मद कासिम उर्फ कासिम बंगाली और सिराज रहमान खान को अपराध शाखा के अधिकारियों ने अदालत में पेश किया। सभी के चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे। मजिस्ट्रेट ने जब उनसे पूछा कि क्या उन्होंने कोई वकील रखा है और क्या उनकी पुलिस के खिलाफ कोई शिकायत है, तो उन्होंने इसका जवाब न में दिया।

अपराध शाखा के अधिकारियों ने अदालत को बताया कि आरोपियों से अपराध में उनकी भूमिका के बारे में पूछताछ करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि पहचान परेड इसके बावजूद भी जरूरी होगी और उनकी हिरासत जरूरी है, क्योंकि जांच अभी जारी है। सुनवाई के बाद अपराध शाखा के अधिकारी आरोपियों को ले गए।

एक अंग्रेजी पत्रिका की 23 वर्षीय इंटर्न के साथ बृहस्पतिवार की शाम मध्य मुम्बई के पारेल क्षेत्र स्थित सुनसान शक्ति मिल्स परिसर में उस समय कथित बलात्कार किया गया जब वह वहां अपने एक पुरुष सहकर्मी के साथ असाइनमेंट पर गई थी।

आरोपियों ने पीड़िता के सहकर्मी के हाथ बेल्टों से बांध दिए थे। वे पीड़िता को झाड़ियों में ले गए और उसके साथ बलात्कार किया। इस घटना को लेकर देश में आक्रोश फूट पड़ा और इसने राष्ट्रीय राजधानी में पिछले साल 16 दिसंबर को चलती बस में हुई सामूहिक बलात्कार की घटना की याद दिला दी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इनपुट एजेंसियों से भी)