मुंबई पुलिस पर 'थर्ड डिग्री' देने का आरोप लगाया महिला ने

मुंबई पुलिस पर 'थर्ड डिग्री' देने का आरोप लगाया महिला ने

मुंबई:

मुंबई पुलिस एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मुंबई के चूनाभट्टी इलाके में एक महिला ने पुलिस पर 'थर्ड डिग्री' देने का आरोप लगाया है। महिला चेंबूर की सिंधी सोसायटी के एक फ्लैट में घरेलू कामकाज करती है। उसके खिलाफ फ्लैट के मालिक ने चोरी की शिकायत की थी।

पुलिस पर संगीन आरोप लगाना वाली महिला गीता मोरे को पुलिस की प्रताड़ना के कारण चलने में दिक्कत हो रही है। उसके हाथ-पैर सूज गए हैं। उसका आरोप है कि यह सब पुलिस की पिटाई की वजह से हुआ है। गीता पर उसके फ्लैट मालिक ने 3 लाख रुपये के गहने और नकदी की चोरी का आरोप लगाया था। गीता का कहना है कि जब पुलिस को उसके पास से कुछ नहीं मिला तो जबरन जुर्म कबूल करवाने के लिए उस पर 'थर्ड डिग्री' का इस्तेमाल किया गया।

आला अधिकारियों तक जब शिकायत पहुंची को उन्होंने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। चूनाभट्टी पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर दत्तात्रेय नायकोडी ने एनडीटीवी से कहा " इस मामले में हम जांच कर रहे हैं, एसीपी साहब भी मामले में अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। जांच के बाद हम अपनी रिपोर्ट आला अधिकारियों को सौंप देंगे।''

पुलिस के अलावा गीता को सरकारी अस्पताल में भी दुत्कार झेलनी पड़ी। उसका आरोप है कि पहले शताब्दी अस्पताल के बाद सायन हॉस्पिटल ने भी उसे एडमिट करने से मना कर दिया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कुछ ही दिन पहले मड-मार्वे के कुछ इलाकों में स्थित होटलों से कई लोगों को पकड़ने और उनसे जुर्माना वसूलने का आरोप भी मुंबई पुलिस पर लगा था। अब उस पर एक महिला के साथ मार-पीट के गंभीर आरोप लगे हैं। बहरहाल मामले की सच्चाई जांच के बाद सामने आएगी, लेकिन इस तरह के आरोप किसी अनुशासित फोर्स की छवि को तो यकीनन प्रभावित करते हैं।