यह ख़बर 09 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बालाचंद्र दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित

खास बातें

  • दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने फ़िल्म 'दबंग' को सर्वश्रेष्ठ मनोरंजक फ़िल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया।
नई दिल्ली:

राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने यहां शुक्रवार को 58वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति ने फिल्म निर्माता के. बालाचंद्र को वर्ष 2010 के लिए दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अम्बिका सोनी की अध्यक्षता में हुए इस समारोह में इस बार चार बाल कलाकारों को विभिन्न फिल्मों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। ये बाल कलाकार हैं दक्षिणपुरी, दिल्ली के हर्ष मायर (फिल्म 'आई एम कलाम'), धरावी, मुम्बई के शांतनु रांगणेकर और मछेन्द्र गाडेकर (फिल्म 'चैंपियन्स), विवेक चाबुकस्वर (फिल्म 'बाबू बैंडबाजा')। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार तमिल फिल्म 'आदुकलाम' के लिए के. धनुष, मलयालम फिल्म 'अदामिन्ते माकन आबु' के लिए सलीम कुमार, मराठी फिल्म 'बाबू बैंड बाजा' के लिए मिताली जगताप वरदकर, तमिल फिल्म 'थेनमेरूकु पारूवक्कात्रु' के लिए सारन्या पोनवान्नन को दिया गया। इन सभी को 50 हजार रुपये नकद के साथ  रजत कमल प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म पुरस्कार 'अदामिन्ते माकन आबु' (मलयालम) के निर्माता सलीम अहमद और अशरफ बेदी को दिया गया। स्वर्ण कमल के साथ प्रत्येक को 2.50 लाख रुपये प्रदान किए गए। इंदिरा गांधी पुरस्कार फिल्म 'बाबू बैंड बाजा' (मराठी) के लिए निर्देशक राजेश पिनजानी और निर्माता नीता जाधव को दिया गया। उन्हें स्वर्ण कमल के साथ 1.25 लाख रुपये प्रदान किए गए। सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार 'दबंग' (हिंदी) के निर्माता अरबाज खान, मलाइका अरोड़ा और ढिलिन मेहता तथा निर्देशक अभिनव सिंह कश्यप को दिया गया। राष्ट्रीय एकता पर सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए नरिगस दत्त पुरस्कार फिल्म 'मोनेर' को दिया गया। यह फिल्म भारत-बांग्लादेश की संयुक्त प्रस्तुति है। इसके निर्माता हबीबुर रहमान (बांग्लादेश) हैं। सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार फिल्म 'दो दुनी चार' के लिए निर्माता-अरिन्दम चौधुरी और निर्देशक हबीब फैसल को दिया गया। फिल्म 'इश्किया' को चार पुरस्कार मिले हैं। सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन पुरस्कार विशाल भारद्वाज को और सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका पुरस्कार रेखा भारद्वाज को गीत 'ससुराल गेंदा फूल' के लिए दिया गया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पुरस्कार भारतीय सिनेमा के विकास में उल्लखनीय योगदान देने के लिए भारत सरकार द्वारा दिया जाता है। पुरस्कार विजेता का चयन प्रसिद्ध व्यक्तियों की समिति करती है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com