यह ख़बर 04 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

अपनी किताब की अगली श्रृंखला लिख 'कई और खुलासे' करेंगे नटवर सिंह

फाइल फोटो

नई दिल्ली:

सोनिया गांधी की कड़ी आलोचना वाली अपनी पुस्तक को लेकर कांग्रेसी नेतृत्व के हमले झेल रहे नटवर सिंह ने पुस्तक की अगली श्रृंखला लिखने का फैसला किया है 'जिसमें कई सारे खुलासे होंगे।' पूर्व विदेशमंत्री ने आज कहा कि अगली पुस्तक का नाम 'माय इर्रेगुलर डायरी' होगा और इसके अगले मार्च तक बाजार में आने की संभावना है।

यह पूछे जाने पर कि क्या इसमें गांधी परिवार के बारे में और खुलासे होंगे, सिंह ने जवाब दिया, 'इसमें कई और खुलासे होंगे।' पूर्व कांग्रेसी नेता अपनी पुस्तक 'वन लाइफ इज नॉट एनफ' बाजार में आने के चार दिनों के भीतर इसे मिली प्रतिक्रिया से खुश हैं।

उन्होंने राजनीतिक भूचाल लाने वाली अपनी आत्मकथा के बारे में कहा, 'इसकी 50 हजार प्रतियां बिक चुकी हैं और प्रकाशक इसे फिर से पिंट्र करने जा रहे हैं।'

यह पूछे जाने पर कि पुस्तक के प्रकाशन से पहले सोनिया और प्रियंका के मई में उनके आवास पर उनसे मिलने के बाद क्या उन्होंने इस पुस्तक का कोई हिस्सा हटाया है, सिंह ने जवाब दिया, 'एक शब्द भी नहीं।' सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी के अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया के कारण इस पुस्तक की बिक्री उम्मीद से ज्यादा बढ़ गई।

पार्टी नेताओं ने सिंह के इस कथित खुलासे की कड़ी आलोचना की थी कि वर्ष 2004 में सोनिया गांधी ने 'अंतर्रात्मा की आवाज' नहीं बल्कि राहुल गांधी के मना करने पर प्रधानमंत्री पद ग्रहण नहीं किया था। उन्होंने कहा, 'मुझे मेरी किताब की बिक्री में योगदान के लिए सभी कांग्रेसियों को धन्यवाद देना चाहिए।' सिंह ने कहा कि उन्हें सोनिया गांधी द्वारा लिखित पुस्तक का इंतजार है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सिंह की किताब पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सोनिया ने कहा था कि वह सच सामने लाने के लिए अपनी किताब लिखेंगी।