यह ख़बर 07 नवंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

विशाखापट्टनम में नौसेना का जहाज हादसे का शिकार, एक नौसैनिक की मौत, चार लापता

हादसे का शिकार हुए इस जहाज का निर्माण1983 में किया गया था (चित्र साभार : Indiannavy.nic.in)

विशाखापट्टनम / नई दिल्ली:

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम तट पर गुरुवार रात 8 बजे नौसेना का एक जहाज हादसे का शिकार हो गया। हादसे की वजह से एक नौसैनिक की मौत हो गई, जबकि चार नौसैनिक लापता हैं। 23 नौसैनिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

बताया जा रहा है कि जहाज अपने रूटीन ट्रेनिंग मिशन से लौट रहा था, इसी दौरान अचानक उसमें पानी भर गया, जिसकी वजह से वह हादसे का शिकार हुआ। लापता नौसैनिकों की खोज के लिए नौसेना के जहाज, एयरक्राफ्ट और चार हेलिकॉप्टर मिशन में लगे हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सेशेल्स के दौरे पर गए नौसेना प्रमुख वापस लौट रहे हैं।

नौसेना ने बताया कि जहाज एक नियमित अभ्यास के दौरान बेड़े के जहाजों से दागे गए टॉरपीडो इकट्ठे करने के नियमित मिशन पर था, तभी इसके एक कंपार्टमेंट में पानी भरने का पता चला। दिल्ली में जारी बयान में नौसेना ने कहा, बचाव अभियान के दौरान चालक दल के एक सदस्य की मृत्यु हो गयी और चार जवान लापता हैं। 23 लोगों को क्षेत्र में तैनात तलाशी और बचाव जहाजों ने सुरक्षित बचा लिया।

विशाखापट्टनम में नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि घटना विशाखापट्टनम पोस्ट से 10-15 किलोमीटर के दायरे में घटी है। टॉरपीडो रिकवरी वेसल (टीआरवी) एक सहायक जहाज होता है, जिसका इस्तेमाल बेड़े के जहाजों और पनडुब्ब्यिों से अभ्यास के दौरान दागे गए टॉरपीडो को एकत्रित करने के लिए किया जाता है।

23 मीटर लंबे इस जहाज का निर्माण 1983 में गोवा शिपयार्ड द्वारा किया गया था और इसने पिछले 31 साल तक भारतीय नौसेना की सेवा की है। पिछले कुछ महीनों में नौसेना को ऐसे कई हादसों का सामना करना पड़ा है। इस तरह की दुर्घटनाओं के मद्देनजर एडमिरल डीके जोशी के इस्तीफे के बाद इस साल 17 अप्रैल को एडमिरल आरके धोवन ने नौसेना प्रमुख का पद संभाला था।

(कुछ अंश भाषा से भी)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com