नए राज्यपाल की नियुक्ति के बारे में सीएम नीतीश को नहीं दी गई कोई सूचना : सूत्र

नए राज्यपाल की नियुक्ति के बारे में सीएम नीतीश को नहीं दी गई कोई सूचना : सूत्र

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (फाइल फोटो)

नई दिल्ली / पटना:

बिहार और हिमाचल प्रदेश के लिए नए राज्यपालों की नियुक्ति की गई है। रामनाथ कोविंद को बिहार का नया राज्यपाल बनाया गया है और वह केसरीनाथ त्रिपाठी की जगह लेंगे। केसरीनाथ त्रिपाठी के पास बिहार का अतिरिक्त प्रभार था।

रामनाथ कोविंद बीजेपी कोटे से दो बार उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद रहे हैं और वह पेशे से वकील हैं। वहीं आचार्य देवव्रत को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है।

इस बीच, सूत्रों के मुताबिक बिहार के नए राज्यपाल की नियुक्ति के बारे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कोई सूचना नहीं दी गई और उन्हें मीडिया से इस बारे में जानकारी मिली।

सामान्य प्रक्रिया और प्रोटोकॉल के तहत नियम है कि गृह मंत्रालय राज्यपाल की नियुक्ति के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी देता है। लेकिन सूत्रों के मुताबिक इस बार ऐसा कुछ नहीं किया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बिहार में विधानसभा चुनाव से कुछ ही महीने पहले कोविंद की नियुक्ति की गई है। इससे पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी के पास बिहार का अतिरिक्त प्रभार था। कोविंद बीजेपी के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रमुख भी रहे हैं। हिमाचल प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार अभी तक राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के पास था।