विहिप ने दी सफाई, राम मंदिर पर सरकार की ओर से कोई 'संकेत' नहीं

विहिप ने दी सफाई, राम मंदिर पर सरकार की ओर से कोई 'संकेत' नहीं

अयोध्या में पत्थरों के पहुंचने संबंधी खबरों पर विहिप ने कहा कि यह सामान्य गतिविधि है

नई दिल्ली:

विश्व हिन्दू परिषद ने सोमवार को कहा कि राम मंदिर निर्माण के मामले में उसे सरकार की ओर से कोई संकेत नहीं मिले हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस संबंध में संसद में बने कानून के माध्यम से अयोध्या में मंदिर निर्माण होगा।

पत्थरों सहित अन्य निर्माण सामग्री के अयोध्या पहुंचने संबंधी मीडिया में आई खबरों पर विहिप ने कहा कि यह सामान्य गतिविधि है और सालों से चल रही है। विहिप ने कहा कि वह राम जन्मभूमि मामले में कानूनी फैसले का सम्मान करता है।

विहिप के अंतरराष्ट्रीय सचिव चम्पत राय ने एक बयान में कहा, राम मंदिर पर हमें सरकार से कोई संकेत नहीं मिले हैं। अयोध्या के संतों और विहिप ने हमेशा ही कहा है कि कानून बनाकर संसद राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ करेगी। विहिप नेता ने कहा कि अयोध्या के स्वामी नृत्य गोपाल दास के बयानों के हवाले से मीडिया में आई कुछ खबरें दिग्भ्रमित करने वाली और मनगढ़ंत हैं।

(पढ़ें - फि‍र राम मंदिर की शरण में भाजपा... अच्‍छा है चुनाव से पहले दुविधा मिटी...)

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

चम्पत राय ने कहा, स्वामी नृत्य गोपाल दास अयोध्या के पूजनीय संत हैं, जो कानून का सम्मान करते हैं। अयोध्या में 1990 से ही पत्थर लाए जाते हैं और रामसेवक धाम में संरक्षित किए जाते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या आते हैं और इसे लेकर कभी भी कानून-व्यवस्था की समस्या खड़ी नहीं हुई है। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि संसद कानून बनाकर मंदिर निर्माण का रास्ता साफ करेगी। संत, विहिप और हिन्दू समुदाय ने हमेशा ही न्यायपालिका का सम्मान किया है और उसमें पूरा विश्वास रखा है।