पद्म पुरस्कार समारोह : राष्ट्रवाद पर राजनीति नहीं होनी चाहिए- श्रीश्री रविशकंर

पद्म पुरस्कार समारोह : राष्ट्रवाद पर राजनीति नहीं होनी चाहिए- श्रीश्री रविशकंर

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से पद्म सम्मान लेती हुईं साइना नेहवाल।

नई दिल्ली:

राष्ट्रपति भवन में सोमवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कई जानी-मानी हस्तियों सहित कुल 56 लोगों को पद्म सम्मान दिए गए। इनमें पांच पद्मविभूषण, आठ पद्मभूषण और 43 पद्मश्री रहे। पद्म सम्मान के मौके पर भी चला आया राष्ट्रवाद का सवाल। पद्मविभूषण अवार्ड से सम्मानित श्रीश्री रविशकंर ने एनडीटीवी से कहा, "राष्ट्रवाद पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। आतंकवाद और राष्ट्रवाद जैसे मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।"

समाज की आवाज बनता रहूंगा : अनुपम खेर
नृत्यांगना यामिनी कृष्णमूर्ति को पद्मविभूषण मिला और मरणोपरांत धीरू भाई अंबानी को भी, जिनका सम्मान लेने उनकी पत्नी आईं और दोनों बेटे भी दिखे। हाल में विवादों में रहे अभिनेता अनुपम खेर को पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया। अवार्ज पाने के बाद अनुपम खेर ने कहा, "मैं हमेशा से समाज की आवाज़ बनने की कोशिश करता रहा हूं। आगे भी जब भी ज़रूरत पड़ेगी समाज की आवाज़ बनता रहूंगा।"

'भारत माता की जय' जैसे मसलों को मुद्दा न बनाएं : मधुर भंडारकर
फिल्म डायरेक्टर मधुर भंडारकर को भी पद्म सम्मान मिला। सम्मान पाने के बाद भंडारकर ने एनडीटीवी से कहा, "राष्ट्रवाद के सवाल पर हमेशा से बहस होती रही है। समाज का एक छोटा वर्ग इसके पीछे है। मुझे लगता है कि राष्ट्रवाद और 'भारत माता की जय' जैसे मसलों को मुद्दा नहीं बनाना चाहिए।"

22 वर्ष की तीरंदाज दीपिका कुमार सम्मानित
पद्म सम्मान बैडमिंटन चैंपियन साइना नेहवाल और तीरंदाज़ दीपिका कुमारी को भी मिले। साइना नेहवाल खुश हैं। वह कहती हैं कि यह सम्मान बड़ा है और आगे चलकर यह सम्मान उन्हें और अच्छा परफार्म करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। झारखंड से तीरंदाज़ दीपिका कुमारी को यह सम्मान सिर्फ 22 साल की उम्र में मिला है। एनडीटीवी से बातचीत में कहती हैं कि झारखंड में टेलेंट ज़्यादा है और अगर विशेष ध्यान दिया जाए तो और भी टेलेन्टेड तीरंदाज़ सामने आ सकते हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

लोक संगीत से जुड़े तीन कलाकारों को पद्म सम्मान मिले। एक छोटा सा भारत यहां दिखा, और दिखा उसका लोकराग भी। सम्मान पाने वालों की सूची में एड गुरू पीयूष पांडेय भी थे और महाराष्ट्र से कृषि विशेषज्ञ सुभाष पार्लेकर भी।