पी अनीता और मौमा दास सहित सात खेल प्रतिभाओं को पद्मश्री अलंकरण

अरुणाचल प्रदेश से अंशू जमसेनपा, केरल के माधवन नम्बियार, उत्तर प्रदेश की सुधा सिंह, कर्नाटक के केवाई वेंकटेश और हरियाणा के वीरेंद्र सिंह को पद्मश्री अवॉर्ड

पी अनीता और मौमा दास सहित सात खेल प्रतिभाओं को पद्मश्री अलंकरण

पश्चिम बंगाल की टेबिल टेनिस खिलाड़ी मौमा दास को पद्मश्री पुरस्कार दिया जाएगा.

नई दिल्ली:

देश की सात खेल प्रतिभाओं (Sports Talents) को पद्मश्री सम्मान (Padma Shri award) से नवाजा जाएगा. सरकार की ओर से आज 119 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई. इनमें खेल के क्षेत्र की विभूतियों को सात पद्मश्री पुरस्कार दिए जाएंगे. इनमें तमिलनाडु की पी अनीता, पश्चिम बंगाल की मौमा दास, अरुणाचल प्रदेश से अंशू जमसेनपा, केरल के माधवन नम्बियार, उत्तर प्रदेश की सुधा सिंह, कर्नाटक के केवाई वेंकटेश और हरियाणा के वीरेंद्र सिंह को पद्मश्री अवॉर्ड से अलंकृत किया जाएगा.

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे और दिवंगत गायक एसपी बालासुब्रमण्यम को सोमवार को इस साल का पद्म विभूषण पुरस्कार देने की घोषणा की गई. असम के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत तरुण गोगोई तथा गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत केशुभाई पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत राम विलास पासवान और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन का नाम पद्म भूषण पुरस्कार पाने वालों में शामिल है. हालांकि देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के लिए किसी नाम की घोषणा नहीं की गई है. 

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति ने 119 पद्म पुरस्कार दिए जाने को मंजूरी दी है जिनमें सात पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 102 पद्मश्री हैं. पद्म पुरस्कार विजेताओं में 29 महिलाएं हैं. इनमें 10 लोग विदेशी, प्रवासी भारतीय, पीआईओ और ओसीआई तथा एक व्यक्ति ट्रांसजेंडर श्रेणी से है. इनमें 16 लोगों को पद्म पुरस्कार मरणोपरांत दिए गए हैं.

Padma Awards 2021: देखें 2021 में सम्मानित होने वालों की पूरी लिस्ट

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पद्म पुरस्कार राष्ट्र, मानवता के प्रति असाधारण सेवा की पहचान
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने सोमवार को पद्म पुरस्कारों के लिए चुने गए लोगों को बधाई देते हुए कहा कि ये पुरस्कार राष्ट्र और मानवता के प्रति असाधारण सेवा की पहचान हैं. उपराष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया, ''आज पुरस्कारों के लिए चुने गए सभी लोगों को मैं बधाई देता हूं. भगवान करे कि उनका जीवन तथा कार्य समाज के अन्य लोगों के जीवन को रोशनी प्रदान करता रहे.''