यह ख़बर 13 अक्टूबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

पुंछ में नियंत्रण रेखा से लगी 10 चौकियों को पाक ने निशाना बनाया, महिला घायल

जम्मू:

भारत-पाक सीमा पर संक्षिप्त विराम के बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने आज दो बार संघर्षविराम उल्लंघन किया और जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगी 10 भारतीय सीमा चौकियों पर भारी गोलीबारी की और मोर्टार दागे। इस गोलीबारी में एक महिला घायल हो गई।

एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने आज शाम करीब छह बजे से पुंछ जिले के सौजियां और मंडी सेक्टरों में नियंत्रण रेखा से लगी लगभग दस सीमा चौकियों पर भारी हथियारों से गोलियां चलाईं और मोर्टार दागे।' उन्होंने बताया कि आज दिन में दो बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया।

अधिकारी ने बताया कि सेना के जवानों ने पोजीशन ली और प्रभावी जवाबी कार्रवाई की जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई जो अभी जारी है।

इससे पहले, पुंछ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शमशेर हुसैन ने बताया कि सौजियां सेक्टर में सीमा पार से गोलीबारी हुई। नियंत्रण रेखा के समीप गिगरियां गांव में गोलीबारी से परवीन नामक महिला मामूली तौर पर घायल हो गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वहीं बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने आज रात बताया कि जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान ने कोई संघर्षविराम उल्लंघन नहीं किया और करीब 192 किमी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तनावपूर्ण शांति है।