यह ख़बर 20 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने वाहन उड़ाया, चार मरे

खास बातें

  • गरियाबंद जिले में हुई इस घटना से ठीक पहले छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नंद कुमार पटेल और अन्य कांग्रेस नेता इसी रास्ते से गुजरे थे।
रायपुर:

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद पुलिस जिले में नक्सलियों ने विस्फोट कर एक यात्री वाहन को उड़ा दिया तथा अन्य दो वाहनों पर गोलीबारी की। इस घटना में चार लोग मारे गए तथा पांच अन्य घायल हुए हैं। घटना से ठीक पहले छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नंद कुमार पटेल इस रास्ते से गुजरे थे। राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल अभियान) रामनिवास ने बताया कि राजधानी रायपुर से लगभग 200 किलोमीटर दूर गरियाबंद पुलिस जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के दुर्भागुड़ी गांव के करीब नक्सलियों ने एक पुल को विस्फोट से उड़ा दिया, जिसकी चपेट में आने से एक यात्री वाहन बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं नक्सलियों ने दो अन्य वाहनों स्कार्पियो और बोलेरो पर गोलीबारी भी की। इस घटना में चार लोग मारे गए तथा पांच अन्य घायल हुए हैं। रामनिवास ने बताया कि दुर्भागुड़ी गांव में कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस के नेता वहां गए हुए थे। नक्सली क्षेत्र होने के कारण नेताओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की रोड ओपनिंग पार्टी भी लगाई गई थी। वापसी के दौरान जब नेता इस रास्ते से गुजरे, तब नक्सलियों ने विस्फोट से पुल को उड़ा दिया, जिससे इसकी चपेट में यात्री वाहन आ गया। वहीं नक्सलियों ने इसके पीछे आ रहे दो अन्य वाहनों पर भी गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि इस हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल को भेजा गया है तथा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। एक घायल को गरियाबंद के अस्पताल में तथा चार अन्य घायलों को रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से एक की हालत गंभीर है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नंद कुमार पटेल ने बताया कि दुर्भागुड़ी गांव में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था। यहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए थे। वापसी के दौरान उन्हें इस बात का जरा भी अहसास भी नहीं था कि इतनी बड़ी घटना घट जाएगी। पटेल ने बताया कि जब उनका काफिला कुछ दूरी पर था तब उन्हें जानकारी मिली कि उनके कार्यकर्ताओं पर नक्सलियों ने हमला कर दिया है। इस हमले में एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है, वहीं दो अन्य वाहनों पर भी नक्सलियों ने गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन के बारे में पुलिस को पहले ही जानकारी दे दी गई थी, लेकिन इसके बाद भी यह घटना हुई, यह चिंता की बात है। कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी इस घटना की निंदा की है। राज्य के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नन्दकुमार पटेल के काफिले पर हुए नक्सल हमले की तीव्र निंदा की है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com