प्रदीप कुमार सिन्हा नए कैबिनेट सचिव नियुक्त, 13 जून को संभालेंगे पद

नए कैबिनेट सचिव प्रदीप कुमार सिन्‍हा की फाइल फोटो

नई दिल्ली:

ऊर्जा सचिव प्रदीप कुमार सिन्हा को शुक्रवार को देश का अगला कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया है। वह अजित सेठ का स्थान लेंगे, जो पिछले चार सालों से इस पद पर कार्यरत हैं।

सिन्हा भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1977 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी हैं। उन्हें कैबिनेट सचिवालय में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के रूप में काम संभालने को कहा गया है।

एक सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक सिन्हा 13 जून को औपचारिक रूप से कैबिनेट सचिव के रूप में अपना नया कार्यभार संभालेंगे। विज्ञप्ति के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अगले कैबिनेट सचिव के रूप में पी.के. सिन्हा की नियुक्ति को अपनी मंजूरी दे दी। उनकी नियुक्ति 13 जून से प्रभावी होगी।

सिन्हा जुलाई 2013 से ऊर्जा मंत्रालय में सचिव के रूप में काम कर रहे हैं। वह इससे पहले जहाजरानी मंत्रालय में भी सचिव रह चुके हैं। सिन्हा केन्द्र और उत्तर प्रदेश सरकार में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं।

भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1974 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी अजित सेठ 14 जून 2011 को कैबिनेट सचिव बने थे। उनका दो साल का नियत कार्यकाल 13 जून 2013 तक था। यूपीए सरकार ने उनके कार्यकाल में एक साल का विस्तार दिया था। फिर मोदी सरकार ने छह छह महीने का दो बार सेवा विस्तार दिया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कैबिनेट सचिवालय सीधे प्रधानमंत्री की देखरेख के अधिन होता है। कैबिनेट सचिव इसके प्रशासनिक मुखिया होते हैं। इसके साथ ही वह सिविल सेवा बोर्ड के भी पदेन अध्यक्ष होते हैं।