यह ख़बर 10 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पीएम, मंत्रियों ने गिनाया अपना-अपना माल

खास बातें

  • प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पास 2 करोड़ 70 लाख की एफडी तथा दिल्ली और चंडीगढ़ में एक करोड़ 87 लाख के मकान हैं।
नई दिल्ली:

भ्रष्टाचार पर सवालों से घिरी सरकार भी पारदर्शी होने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने सभी मंत्रियों से अपनी ज़मीन जायदाद की जानकारी देने को कहा है। साथ ही अपनी देनदारियों और अगर वे किसी कारोबार से जुड़े हैं तो इसकी भी जानकारी उनको देनी होगी। पिछले साल भी मनमोहन सिंह ने अपने मंत्रियों से उनकी ज़मीन-जायदाद के बारे में जानकारी मांगी थी लेकिन दो मंत्रियों कमलनाथ और मुरली देवड़ा ने ही बताया कि वे किस तरह के कारोबार से जुड़े हैं। कमलनाथ ने उन 23 कंपनियों के नाम बताए जिनसे वह जुड़े हैं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पास 2 करोड़ 70 लाख की एफडी तथा दिल्ली और चंडीगढ़ में एक करोड़ 87 लाख के मकान हैं। गृहमंत्री पी चिदंबरम के पास कुल एक करोड़ 4 लाख की ज़मीन जायदाद है। इसमें शामिल हैं 3 कंपनियों में शेयर, 2 कार, एसी, कंप्यूटर, ट्रेड मिल, साइकिल, कॉर्डलेस फोन, इनवर्टर और बैटरी। एके एंटनी के पास एक लाख से भी कम की बचत है। उनकी पत्नी के नाम पर 15−15 लाख के प्लॉट और मकान हैं। एक सेकेंड हैंड वैगन आर कार भी है जिसके लिए उन्होंने एक लाख 36 हज़ार का कर्ज लिया है। प्रणब मुखर्जी के पास कुल एक करोड़ 1 लाख की ज़मीन जायदाद है। इसमें दो फ्लैट और एक प्लॉट शामिल हैं। एसएम कृष्णा के पास 2.34 लाख की अचल संपत्तियां यानी मकान, ज़मीन वगैरह और 4 लाख 81 हज़ार की चल संपत्तियां हैं। इनके अलावा 3 लाख का निवेश और 12 लाख बैंक में हैं। पत्नी के नाम पर 21 लाख की ज़मीन जायदाद है। कमलनाथ के 23 कंपनियों से कारोबारी रिश्ते हैं। इनमें शामिल हैं... स्पैन मोटल्स, स्पैन एयर प्राइवेट लिमिटेड, स्पैन प्लांटेशंस, स्पैन बीच रिजॉर्ट्स और EMC एलॉयज़। दिल्ली के सुल्तानपुर इलाके में 2 करोड़ 67 लाख की ज़मीन, एक करोड़ 41 लाख की नकदी और बैंक में जमा दो बेटों और एक बहू के पास 20 कंपनियों के शेयर भी हैं। शरद पवार और उनके परिवार की कुल 7 करोड़ की चल संपत्तियां हैं। इनमें 3.6 करोड़ की ज़मीन और मकान, कंपनियों में 46 लाख 50 हज़ार के डिपॉज़िट तथा पत्नी के नाम से कई कंपनियों में एक करोड़ 5 लाख के डिपॉज़िट हैं। मुरली देवड़ा के पास 62 लाख का मकान, 93 लाख का प्लॉट और देवड़ा ब्रदर्स की प्रॉपराइटरशिप है। 4 करोड़ 64 लाख की चल संपत्तियों में पत्नी के पास नौ करोड़ एक लाख रुपये, पत्नी के नाम पर ही एक कंपनी की प्रॉपराइटरशिप और दो अन्य कंपनियों में भी पत्नी की हिस्सेदारी है। दयानिधि मारन के पास 46 लाख की बचत एक करोड़ के टर्म डिपॉज़िट, RIL, रिलायंस कम्युनिकेशंज, RNRL और डीके इंटरप्राइजेस में शेयर होल्डिंग है। इस सब के अलावा पत्नी के पास 52 लाख 15 हज़ार के जेवरात हैं और साढ़े 8 लाख की बचत भी। पत्नी के पास भी 5 कंपनियों के शेयर जिनमें RIL भी शामिल है। सलमान खुर्शीद और उनके परिवार के नाम 5 प्लॉट हैं जिनकी कीमत 2 करोड़ 35 लाख है। दिल्ली में 50 लाख कीमत का फ्लैट है। पत्नी के नाम से गोवा में 2 फ्लैट 8 लाख 25 हज़ार के हैं। परिवार के पास 2 करोड़ 25 लाख की नकदी भी है। कपिल सिब्बल के पास 16 करोड़ 25 लाख के मकान और ज़मीन वगैरह हैं। 65 लाख बैंक में जमा हैं। शेयरों में 40 लाख का निवेश है और 20 लाख के जेवरात भी हैं। 4 करोड़ 75 लाख की दूसरी जायदाद हैं। 5 गाड़ियां जिनमें से एक बैटरी से चलने वाली रेवा भी है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com