लंदन के वेम्बले स्टेडियम में पीएम मोदी के भाषण के मुख्य अंश

लंदन के वेम्बले स्टेडियम में पीएम मोदी के भाषण के मुख्य अंश

वेम्ब्ले स्टेडियम में पीएम मोदी

नई दिल्ली:

लंदन दौरे पर गए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों को वेम्बले स्टेडियम में संबोधित किया। उनके इस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले तमाम रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इससे पहले पीएम मोदी ने बकिंघम पैलेस में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ लंच किया। बकिंघम पैलेस में पीएम मोदी ने ब्रिटेन की महारानी को कई तोहफे भी भेंट किए।

आइए पढ़ें पीएम मोदी के भाषण के मुख्य अंश -

  • पीएम मोदी ने सबसे पहले साल मुबारक और भाईदूज की शुभकामनाएं दी।
  • पीएम मोदी ने लोगों को आने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यहां पर यह ऐतिहासिक पल है। आप लोग दोनों देशों के बीच संबंधों की हार्टबीट हैं।
  • मैं पीएम कैमरन का धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने मेरे बारे में ऐसे शब्द कहे। दिवाली पर अपनी बात के साथ उन्होंने लोगों में गर्गजोश पैदा कर दिया।
  • उन्होंने कहा कि आप सबके सपने पूरे होंगे।
  • उन्होंने कहा कि भारत के गरीब रहने का कोई कारण नहीं है। हमने बिना कारण गरीबी को पालकर रखा है। हमें गरीबी को पुचकारने में मजा आने लगा है।
  • भारत सामर्थ्यवान है। भारत जवानी से लबालब भरा देश है। देश अब पीछे नहीं रह सकता। अब भारत विकास की यात्रा में रुक नहीं सकता।
  • दो दिन से यूके दौर पर रहे पीएम मोदी ने कहा कि पीएम कैमरन ने जिस गर्मजोशी से स्वागत किया, उनका आभार व्यक्त करता हूं। यह सम्मान भारत के लोगों का है, भारत की लोकतांत्रिक परम्पराओं का सम्मान है।
  • उन्होंने कहा कि पीएम कैमरन भारतीयों की काफी तारीफ करते हैं। ऐसा लगता है कि वे भारतीय समुदाय के साथ पूरी तरह से घुलमिल गए हैं। इसके लिए मैं उनका अभिनंदन करता हूं। भारत के प्रति भी उनके मन में आदर और लगाव है।
  • ब्रिटिश पार्लियामेंट के सामने महात्मा गांधी की मूर्ति यही बताती है। यहां पर भी आजादी की लड़ाई लड़ी गई। यहां के श्याम जी कृष्णवर्मा भी एक थे। विद्वान थे, बैरिस्टर थे, यहां रहकर उन्होंने आजादी की लड़ाई लड़ी। इसके लिए उनकी बार से सदस्यता रद्द कर दी गई थी। उनकी 1930 में मृत्यु हो गई। अब फिर उनकी इस सदस्यता को जारी किया गया है। मौत से पहले उन्होंने इच्छा जाहिर की थी कि आजाद भारत में उनकी अस्थियों का विसर्जन किया जाए। 1930 से 2003 तक उनकी अस्थी लेने कोई नहीं आया। 2003 में मैं आया और गुजरात के कच्छ के मांडवी में ले गया जो उनका जन्मस्थान है। अब यह सदस्यता पत्र भी वहीं रखा जाएगा। पीएम कैमरन ने घड़ी की सूई को उल्टा घुमाया है।
  • उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के लिए अजूबा है। हर देश किसी न किसी समस्या से जूझ रहा है। लेकिन भारत इतना मिलजुलकर कैसे रहता है। लोगों को आश्चर्य लगता है जहां 100 से ज्यादा भाषाएं, 1500 से ज्यादा बोलियां हों, तमाम विविधता हों फिर भी लोग कैसे मिलजुलकर रह सकते हैं.... ये विविधता हमारी आन, बान शान भी है, ये शक्ति भी है।
  • पंजाब के सिख भाइयों की कितनी वीर गाथाएं हैं। सिख समुदाय ने मां भारती की रक्षा भी की और आजाद हिन्दुस्तान में भारत मां के बेटों का पेट भरने का पूरा इंतजाम किया। पीएम मोदी ने कहा कि जो सिख समुदाय की मांग है, उस पर काम हो रहा है।
  • भारत की धरती पर कबीर और रहीम की बातें प्रेरणा देती रही हैं। सूफी परम्परा अगर बलवान हुई होती,  तो आतंकवाद नहीं होता। इस्लाम में जिसने सूफी परम्परा को समझा हो वह हाथ में हथियार नहीं लेता। भारत में तमाम संप्रदाय के लोग हैं।
  • भारत विविधताओं से पुलकित हुआ है। आप भारत के एम्बेसेडर हैं। भारतीय समुदाय का व्यक्ति जहां गया, वहां सबके साथ रहने का संस्कार लेकर गया। अपनी परम्पराओं को बचाते हुए घुलमिलकर रहा।
  • विश्वभर में फैले हुए भारतीय समाज ने ऐसा परिचय कराया है, कि भारत की पहचान बनी। आपने भारत की अच्छी पहचान बनाई।
  • आज विश्व में भारत की अपनी एक गरिमा, गौरव है जिसका अनुभव आप भी करते होंगे। पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देखती है। दुनिया का नजरिया बदला है। यह सफलता भारत की निशानी के रूप में है। विश्व आज भारत को एक शक्ति के रूप में पहचान रहा है। भारत में संभावनाएं देख रहा है। हम भी भारत के स्थान के लिए बराबरी के स्थान का प्रयास कर रहे हैं।
  • हम दुनिया से मेहरबानी नहीं चाहते, अगर हम चाहते हैं, तो वह है बराबरी। मैं 18 महीनों के अनुभव से कह सकता हूं कि आज भारत के साथ जो भी बात करता है, वह बराबरी से बात करता है।
  • तमाम देश भारत से जुड़ना चाहता है। तो वह विन-विन फॉर्मूले के साथ, और कदम से कदम जोड़ कर बढ़ना चाहते हैं। यह अच्छे संकेत हैं।
  • पीएम मोदी ने कहा, विश्व दो प्रमुख समस्याओं से जूझ रहा है। एक आतंकवाद, दूसरा ग्लोबल वॉर्मिंग। सारी मानवजाति को बचाने की जिम्मेदारी हर देश की है और हर नागरिक की है। भारत इसके लिए सही रास्ता दिखा सकता है। महात्मा गांधी का जीवन और उपदेश, अहिंसा का शस्त्र। आज का विश्व गांधी को समझने का प्रयास करे तो दोनों से मुक्ति मिल सकती है। गांधी दिग्दृष्टा थे। ऐसे संकट की घड़ी में मानवता के कल्याण के लिए भारत अपनी भूमिका निभा रहा है।
  • देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेज गति से चल रहा है। भारत ने जो गति पकड़ी है, जो दिशा पकड़ी है, इससे बहुत जल्द हम उसके फल भी देखने शुरू करेंगे।
  • आजादी के 70 के बाद, आज भी हिन्दुस्तान में 18,000 गांव ऐसे हैं जहां बिजली का खंभा भी नहीं पहुंचा है। वहां पर बिजली पहुंचाई जाएगी। आने वाले 1000 दिनों में यह काम पूरा किया जाएगा।
  • स्वच्छ भारत मिशन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शौचालय बनाए जाएं। तमाम एनआरआई लोगों ने इस योजना के लिए पैसे दिए। एक निश्चित समय सीमा में भारत के सभी स्कूलों में लड़कियों के लिए शौचालय बनाए जाएं, ऐसी योजना चलाई गई। और अब भारत ने यह पूरा कर लिया है।
  • उन्होंने कहा कि देश की 40 फीसदी आबादी के पास बैंक खाते नहीं थे, जो एक ही योजना के साथ पूरा किया गया और 100 दिन के भीतर 19 करोड़ लोगों के बैंक खाते खोले गए।
  • देश तैयार है, हमें बदलाव लाना है, बदलाव नजर आ रहा है।
  • पहली बार लंदन स्टॉक एक्सचेंज में भारत सरकार, रुपी बॉन्ड लेकर आई है। उन्होंने मजाकिया स्वर में कहा, जब बॉन्ड की बात आती है। तो सबसे पहले जेम्स बॉन्ड की याद आती है, इससे आगे जाएं तो ब्रुक बॉन्ड टी की याद आती है।
  • मेरी नजर में एफडीआई का मतलब है फर्स्ट डेवलेप इंडिया। उन्होंने कहा कि आज भारत में एफडीआई में 40 फीसदी की वृद्धि हुई है।
  • रक्षा क्षेत्र में आज भी हमें दुनिया की मदद लेनी पड़ती है। अब भारत के वीरों के हाथ में भारतीय शस्त्र भी होने चाहिए। इसके लिए दुनिया से हम रक्षा के क्षेत्र में तकनीक लाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के बड़े रक्षा उत्पादक आज भारत से बात कर रहे हैं। रक्षा के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बनेगा। इससे दुनिया की काफी बड़ी आबादी सुरक्षित होगी।
  • हम अपना भला तो करना चाहते हैं, साथ ही दुनिया का भला भी करना चाहते हैं।
  • दुनिया में 102 देश ऐसे हैं जहां सूर्यशक्ति का लाभ मिलता है। इन देशों का एक संगठन हो हम इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं। ये देश मिलकर सोलर एनर्जी, रीनेवेबल एनर्जी पर रिसर्च करेंगे। ताकि प्रकृति की रक्षा की जा सके। तमाम देशों से सकारात्मक उत्तर मिला है। भारत नेतृत्व कर सकता है। हम दुनिया को जोड़ना चाहते हैं।
  • भारत में कई जगहों पर अभी भी 24 घंटे बिजनी नहीं पहुंचती। हम 2019 तक यानि महात्मा गांधी के 150 साल के समय देश के सभी शहरों में 24 घंटे बिजली मिले, इस योजना पर काम कर रहे हैं। इसके लिए सोलर, विंड और रीनेवबल एनर्जी का अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि 175 गीगा वॉट बिजली उत्पादन की बात कर रहा हूं। तमाम देशों को इस पर आश्चर्य होता है, लेकिन यह संभव है।
  • तमाम देश जो छोटे हैं, टापुओं पर जी रहे हैं जो सोच रहे हैं ग्लोबल वॉर्मिंग से उनका जीवन नष्ट हो जाएगा। उन्हें बचाने का काम भारत करेगा।
  • दुनिया की तमाम एजेंसियां एक स्वर से कहने लगी हैं कि भारत विश्व के बड़े देशों में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है।
  • भ्रष्टाचार के मामले में भी भारत में सुधार आ रहा है। इस दीमक का भारत ने इलाज किया है। रेटिंग में हम चीन से बेहतर हुए हैं। यह पहली बार हुआ है। बिजनेस करने के माहौल में भी भारत में सुधार हुआ है।
  • हम यह गलती कभी न करें, कि जो हम टीवी के पर्दे पर देखते हैं, वहीं हिन्दुस्तान है। अखबार की हेडलाइन ही हिन्दुस्तान नहीं है। हिस्दुस्तान बहुत बड़ा है। बाहर बहुत गहरा हिन्दुस्तान है, ऊंचा है, उत्तम है।
  • राजस्थान के अलवर में इमरान खान नाम का व्यक्ति है। वह शिक्षा को समर्पित है। उन्होंने इस पर ऐप बनाए हैं और विद्यार्थियों के नाम समर्पित कर दिया। ऐसे व्यक्तियों में हिन्दुस्तान है।
  • बेटियों को बचाने की मुहिम चलाई जा रही हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के बाद सेल्फी विद डॉटर जैसे अभियान चले।
  • लाखों लोग हैं, जो आदिवासियों के बीच जाकर वहां रहकर काम कर रहे हैं। ये समाजसेवी देश में बदलाव ला रहे हैं और इन्हीं के दम पर देश बहुत आगे बढ़ेगा।
  • ओसीआई की समस्या को सुलझाया जाएगा। और एनआरआई लोगों की समस्या का समाधान होगा। वीजा की समस्या के समाधान पर भी चर्चा हुई और समाधान किया गया है। भारत सरकार ने MADAD नाम का प्लेटफॉर्म तैयार किया है। यहां समस्या का समाधान मिलेगा। एक ई-माइग्रेशन पोर्टल बनाया गया है। इंडियन कम्युनिटी वेल्फेयर फंड बनाया गया है।
  • पीएम मोदी ने ऐलान किया कि 15 दिसंबर से लंदन-अहमदाबाद सीधी उड़ान सेवा आरंभ होगी।
  • उन्होंने घड़ी का उदाहरण देकर भारत और ब्रिटेन की मित्रता की मिसाल दी।
  • पीएम मोदी ने ब्रिटेन में बसे भारतीय मूल के लोगों से देश में निवेश करने की अपील की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com