ये भारत और अफ्रीका की सदी है, संबंधों को मजबूत बनाएं : अफ्रीकी राष्ट्राध्यक्षों से बोले पीएम

ये भारत और अफ्रीका की सदी है, संबंधों को मजबूत बनाएं : अफ्रीकी राष्ट्राध्यक्षों से बोले पीएम

नई दिल्‍ली:

भारत-अफ़्रीका शिखर सम्मेलन में अफ्रीकी राष्ट्रध्यक्षों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'ये भारत और अफ्रीका की सदी है। भारत और अफ्रीका ने हमेशा एक दूसरे को आगे बढ़ाया है। दोनों देशों की संस्‍कृति सबसे पुरानी है। हमें अपने संबंधों को और मजबूत बनाने की जरूरत है।'

एक छत के नीचे इकट्ठा एक तिहाई मानवजाति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और अफ्रीकी देशों की यह मुलाकात दुनिया की एक तिहाई मानवजाति को एक छत के नीचे ले आई है। उन्होंने कहा, '1.25 अरब भारतीयों और 1.25 अरब अफ्रीकियों के दिलों की धड़कन एक है। यह सिर्फ भारत और अफ्रीका की मुलाकात नहीं है। आज एक-तिहाई मानवजाति के सपने एक छत के नीचे इकट्ठा हुए हैं।'

भारतीयों और अफ्रीकियों की धड़कन एक
प्रधानमंत्री ने कहा, 'भारत-अफ्रीका के बीच पुराने संबंध हैं। हमने साम्राज्‍यवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। भारत-अफ्रीका की दो तिहाई आबादी युवा है।' पीएम ने आगे कहा, 'सूरज डूबने के साथ भारत और अफ्रीका के करोड़ों घर अंधेरे में डूब जाते हैं, हमें उन्हें रोशन करना है। दुनिया के एक-तिहाई लोगों का सपना एक छत के नीचे आया है।' पीएम ने अफ्रीकी राष्‍ट्राध्‍यक्षों से आपसी सहयोग और तकनीक एवं कृषि में सहयोग बढ़ाने पर बल दिया। साथ ही आतंकवाद से मिलकर लड़ने की अपील भी की।

सम्मेलन में 54 अफ़्रीकी देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए हैं। कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।

'राष्ट्रध्यक्षों से की द्विपक्षीय बातचीत'
इससे पहले कल प्रधानमंत्री मोदी ने 19 अफ़्रीकी देशों के राष्ट्रध्यक्षों से द्विपक्षीय बातचीत की। ख़ास बात रही कि कई अफ़्रीकी नेता भारतीय परिधानों में नज़र आए। इन बैठकों में अफ़्रीकी नेताओं से ऊर्जा स्वास्थ्य और व्यापार से संबधित बात तो हुई ही, लेकिन सबसे अहम बात ये रही कि प्रधानमंत्री ने अफ़्रीकी देशों के प्रमुखों से कहा कि संयुक्त राष्ट्र में बदलाव के लिए उनका समर्थन चाहिए। अफ़्रीका के आतंकवाद से पीड़ित देशों को भारत ने आश्वासन दिया है कि आतंकवाद के ख़ात्मे के लिए भारत उनकी हर संभव मदद करेगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

'भारत और अफ्रीकी देशों ने विकास के मुद्दों पर की चर्चा'
इससे पूर्व संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से, भारत और अफ्रीकी देशों ने बीते सोमवार को शिखर वार्ता में विकास के संभावित मुद्दों पर चर्चा की। इस वार्ता का मकसद विशेष रूप से व्यापार, सुरक्षा और विकास संबंधी सहयोग के क्षेत्रों में समग्र संबंधों को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाना रहा। चार दिवसीय भारत अफ्रीका शिखर वार्ता के पहले दिन भारत और कई अफ्रीकी देशों के अधिकारियों ने संबंध मजबूत करने के लिए स्पष्ट ढांचे पर चर्चा के साथ एक 'राजनीतिक दस्तावेज' पर भी बात की।