यह ख़बर 10 दिसंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

20 साल बाद मजबूती से लड़ रहे हम : राहुल गांधी

खास बातें

  • कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि वर्ष 1991 के बाद पार्टी पहली बार राज्य में इतनी मजबूती से चुनाव लड़ रही है।
लखनऊ:

आगामी विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर लड़ने का आह्वान करते हुए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि वर्ष 1991 के बाद पार्टी पहली बार राज्य में इतनी मजबूती से चुनाव लड़ रही है। राहुल ने यहां कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि बीते सालों में प्रदेश में कांग्रेस की राजनीतिक हालत बुरी रही। उन्होंने कहा कि वर्ष 1991 से लेकर 2009 तक कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं लड़ा। वर्ष 2009 के लोकसभा में हमने शुरुआत की और अब 20 साल बाद हम पहली बार इतनी ताकत और मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल ने पार्टी उम्मीदवारों से कहा, "आप में केवल चुनाव जीतने की ही क्षमता नहीं है बल्कि आप में सरकार बनाने की क्षमता है। मुझे भरोसा है कि अगर आपने मेहनत की तो लखनऊ में कांग्रेस की सरकार बनेगी। आपको बूथ कमेटियों को मजबूत करना है। चुनाव बूथ कमेटियों पर लड़ा जाता है।" राहुल ने कहा, "राज्य में बिना कांग्रेस के सहयोग से किसी भी पार्टी की सरकार नहीं बन सकती लेकिन हमें इतनी मजबूती से लड़ना है कि हम खुद बहुमत की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि जहां पर आपको मेरी जरूरत होगी, वहां मैं आऊंगा।" कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्ष 2009 के आम चुनाव के दौरान तमाम सर्वेक्षण हमें उत्तर प्रदेश में केवल पांच सीटें दे रहे थे। समझौते के तहत समाजवादी पार्टी (सपा) हमें बगैर जनाधार वाली पार्टी बताकर केवल पांच-सात सीटें दे रही थी। हमने सपा से समझ्झौता नहीं किया और चुनाव के बाद जो नतीजा आया उसे आप सभी ने देखा। यही आगामी विधानसभा चुनाव में होगा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और सपा की सरकारों को भ्रष्ट करार देते हुए राहुल ने कहा, "हमारे पास मुद्दों की कमी नहीं है। मुख्यमंत्री मायावती और मुलायम सिंह यादव की सरकारों ने भ्रष्टाचार में रिकॉर्ड तोड़े हैं। मायावती सरकार के कई मंत्री जेल में हैं। राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। इन मुद्दों को आपको उठाना है। जनता कांग्रेस की सरकार बनाना चाहती है।" राहुल ने चेतावनी वाले लहजे में कहा, "उम्मीदवारों को समर्थन नहीं करने वाले पार्टी के नेताओं के खिलाफ चुनाव बाद मैं सख्त कार्रवाई करूंगा, चाहे पार्टी को इससे नुकसान ही क्यों न उठाना पड़े।" उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी संगठन को एकजुट करने और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर आए राहुल ने दौरे के पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और अब तक घोषित उम्मीदवारों के साथ बैठक की।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com