यह ख़बर 22 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

राहुल गांधी की स्टेपनी हैं दिग्विजय : उमा

खास बातें

  • भारतीय जनता पार्टी की नेता उमा भारती ने कहा, यह भाग्य का फेर है कि वे हारने के लिए हमारे सामने आ जाते हैं।'
लखनऊ:

भारतीय जनता पार्टी की नेता एवं मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उप्र के प्रभारी दिग्विजय सिंह को राहुल गांधी का स्टेपनी करार देते हुए बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी अपनी कोई भूमिका ही नहीं है। भाजपा में पुनर्वापसी और उत्तर प्रदेश में पार्टी का प्रभारी बनाए जाने के बाद लखनऊ में पहली बार उमा भारती ने कहा, उत्तर प्रदेश में दिग्विजय सिंह, राहुल गांधी की स्टेपनी भर हैं और उनका यहां कोई विशेष महत्व नहीं है। मध्य प्रदेश की राजनीति में उनके प्रतिद्वन्द्वी रहे सिंह के बारे में आगे सवाल होने पर उन्होंने कहा, यह भाग्य का फेर है कि वे हारने के लिए हमारे सामने आ जाते हैं। वर्ष 2003 में मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री रहते हुए हारे, बिहार में वे संप्रग के प्रभारी थे और मैं भाजपा की, वे वहां भी हारे और अब उत्तर प्रदेश की बारी है। योगगुरु बाबा रामदेव के बारे में दिग्विजय सिंह की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने से इनकार करते हुए भाजपा नेता ने कहा, दिग्विजय सिंह पर कांग्रेस का ही नियंत्रण नहीं रह गया है। जब कांग्रेस ही उनकी टिप्पणियों को महत्व नहीं देती और कई बार उनकी निजी राय बता कर किनारा कर लेती है तो उनपर प्रतिक्रिया का कोई अर्थ नहीं है। उन्होंने इसी क्रम में कहा, मुझे बाबा रामदेव के अनशन पर रामलीला मैदान पर हुई कार्रवाई का बचाव करने के लिए दिए गए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बयान से दुख हुआ। उमा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह कह कर कि और कोई विकल्प था ही नहीं, एक तरह से लोकतंत्र का अपमान किया है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com