बारिश ने शीतलहर को रखा दूर, सोमवार को भी सुहाना रहेगा मौसम

नई दिल्ली:

उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों को कड़ाके की सर्दी से थोड़ी राहत दी। हालांकि कश्मीर घाटी में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

दिल्ली में रविवार के दिन मौसम सुहावना रहा और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। शहर में शनिवार से ही रुक-रुक कर बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था।

वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में कल भी मौसम सुहावना बने रहने की उम्मीद है। हालांकि सुबह के वक्त कोहरा छाया रह सकता है।  

हालांकि इस बीच, दिल्ली और राजस्थान में कोहरे के कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। कुछ ट्रेनें रद्द की गईं, जबकि कई देरी से चल रही हैं। राजस्थान में घने कोहरे से रेल, सड़क यातायात प्रभावित हुआ और अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट के कारण सर्दी का प्रकोप बढ़ गया।

मैदानी भागों में चुरू और प्रदेश के एक मात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में न्यूनतम तामपान 5 डिग्री, पिलानी 5.4, श्रीगंगानगर 7, उदयपुर 8 और अजमेर में 9.2 डिग्री दर्ज किया गया।

इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में बारिश जारी रही और चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर में 7.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।

हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और शहर में चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इस बीच, कश्मीर घाटी में एक दिन की राहत के बाद ठंड फिर से बढ़ने लगी और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रात में तापमान में हल्की गिरावट देखी गई। पिछली रात को जहां न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे था, वहीं कल रात को यह और घटकर शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

लद्दाख क्षेत्र के करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 15 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात को यह 16.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था। करगिल राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस बीच, उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश हुई और तापमान में बदलाव हुआ। कैसरगंज और बहराइच में क्रमश: दो सेंटीमीटर और एक सेंटीमीटर बारिश हुई। इटावा में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।