अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड बढ़ी, दक्षिण एशिया में भारत की वृद्धि सबसे तेज

दुनिया भर में अपने देश से दूसरे देश की यात्रा करने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में 2017 में रिकॉर्ड वृद्धि देखी गई है.

अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड बढ़ी, दक्षिण एशिया में भारत की वृद्धि सबसे तेज

प्रतीकात्मक फोटो

खास बातें

  • अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड बढ़ी
  • दक्षिण एशिया में भारत की वृद्धि सबसे तेज
  • यह संख्या 132.3 करोड़ रही
संयुक्त राष्ट्र:

दुनिया भर में अपने देश से दूसरे देश की यात्रा करने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में 2017 में रिकॉर्ड वृद्धि देखी गई है. यह संख्या 132.3 करोड़ रही. इसमें भी दक्षिण एशियाई देशों में सबसे अधिक विदेशी यात्री भारत पहुंचे और वह शीर्ष पर रहा. संयुक्त राष्ट्र के पर्यटन संगठन के आंकड़ों में यह बात सामने आयी है. ‘टूरिज्म हाइलाइट्स’ रपट के नवीनतम संस्करण में के अनुसार पिछले साल अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या 132.3 करोड़ रही. यह 2016 के मुकाबले 8.4 करोड़ अधिक है. यह पर्यटन क्षेत्र के लिए एक नया रिकॉर्ड है. साथ ही इस क्षेत्र में यह लगातार आठवें साल ‘अबाधित वृद्धि’ को दिखाता है. दुनिया में पर्यटकों के लिहाज से सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय यात्री यूरोप और अफ्रीका पहुंचे। इनके यहां विदेशी पर्यटकों की वृद्धि क्रमश: आठ प्रतिशत और नौ प्रतिशत रही. संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष एजेंसी है, जो दुनियाभर से इस तरह के आंकड़े जुटाती है. यूएनडब्ल्यूटीओ के अनुसार पर्यटन क्षेत्र दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा निर्यातक क्षेत्र है. वर्ष 2017 में दुनियाभर में पर्यटकों के आने से आगंतुक देशों को 1,300 अरब डॉलर की आय हुई, जो सालाना आधार पर पांच प्रतिशत की वृद्धि को दिखाता है. 

यह भी पढ़ें:  सैंटा मोनिका: रोमांस, शॉपिंग और नाइटलाइफ की पर्फेक्‍ट डेस्‍टीनेशन

इसी बीच अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का कुल निर्यात 1,600 अरब डॉलर का रहा. इस प्रकार प्रतिदिन चार अरब डॉलर का पर्यटन निर्यात हुआ. यह दुनिया के कुल निर्यात का सात प्रतिशत है. यूएनडब्ल्यूटीओ ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पर्यटन में 2017 की मजबूत वृद्धि दुनियाभर के सभी क्षेत्रों में यात्रा की बढ़ी मांग को दर्शाती है. यहां तक उन क्षेत्रों में भी सुधार देखा गया है जहां हाल के वर्षों में सुरक्षा चिंताएं बढ़ी हैं. रपट में दक्षिण एशिया क्षेत्र में सकारात्मक सुधार की बात की गई है. इसमें सबसे अच्छा प्रदर्शन भारत का रहा है. इस उपक्षेत्र में सबसे ज्यादा पर्यटक आकर्षित करने में भारत सबसे आगे रहा है. इसकी प्रमुख वजह पश्चिमी देशों में पर्यटक स्थल के तौर पर भारत की बढ़ती मांग और वीजा प्रक्रियाओं को सरल किया जाना है. भारत में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 2017 में 1.55 करोड़ रही जो 2016 में 1.45 करोड़ थी. इससे भारत की आय 2017 में बढ़कर 27.36 अरब डॉलर रही जबकि 2016 में यह आंकड़ा 22.42 अरब डॉलर था. 

VIDEO: 'अतिथि देवो भव की हकीकत': हम विदेशी सैलानियों संग कैसा बर्ताव कर रहे?
पूरे दक्षिण एशिया में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों का आगमन 2017 में बढ़कर 2.65 करोड़ रहा जो 2016 में 2.51 करोड़ था. इसी प्रकार इससे होने वाली आय 2017 में बढ़कर 39.52 अरब डॉलर हो गई जबकि 2016 में यी 33.28 अरब डॉलर थी.


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com