यह ख़बर 26 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

आरएलडी की 'टैक्सी' में कोई भी सवार हो सकता है : गडकरी

खास बातें

  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि आरएलडी अध्यक्ष अजित सिंह को जाटों की नहीं, बल्कि अपने बेटे जयंत को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनवाने की चिंता है।
नई दिल्ली:

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) अध्यक्ष अजित सिंह को जाटों की नहीं, बल्कि अपने बेटे जयंत को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनवाने की चिंता है। वह मेरठ जिले के सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के गांव कैथवाड़ी में पार्टी की चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

गडकरी ने अजित की पार्टी को टैक्सी बताते हुए कहा कि इसमें कोई भी मीटर डाउन करके बैठ सकता है। उन्होंने कहा कि अजित की तरह मुलायम सिंह भी अपने पुत्र अखिलेश को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनवाने की चिंता में हैं। उधर दिल्ली में सोनिया गांधी अपने पुत्र राहुल गांधी को रोजगार दिलवाने की चिंता में हैं और लूट के मामले में बसपा और कांग्रेस का आपस में समझौता है। इस कारण ही दिल्ली में कांग्रेस और लखनऊ में बसपा लूटने में लगी हुई हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि भाजपा ही प्रदेश की खस्ताहालत को सुधार सकती है। भाजपा प्रदेश में राम राज्य लाएगी और राम मंदिर का निर्माण करेगी। मुसलमान आरक्षण पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की केंद्र सरकार ने ओबीसी के अंदर ही मुसलमानों को आरक्षण दे दिया। सपा 18 फीसदी आरक्षण देने की बात कर रही है। गडकरी ने कहा कि भाजपा ओबीसी के आरक्षण को खत्म करने की साजिश को सफल नहीं होने देगी।