भारत और रूस की सेनाओं का साझा अभ्यास 'इंद्रा' खत्म

भारत और रूस की सेनाओं का साझा अभ्यास 'इंद्रा' खत्म

नई दिल्‍ली:

जोधपुर के महाजन फायरिंग रेंज में थोड़े पल के लिये ऐसा लगा कि मानो एक गांव में आतंकी घुस आये हैं। लोगों को बंधक बना लिया गया है। गांव को आतंकियों से मुक्त कराने की जिम्मेदारी मिलती है भारत और रूस के सैनिकों की। फिर क्या था, पहले दोनों देश की सेनाएं गांव की घेराबंदी करती हैं। हेलीकॉप्टर से जरिये कमांडो को गांव में उतारा जाता है। कमांडो के उतरते ही गोलाबारी शुरू हो जाती है। गांव की घेराबंदी किये जवान भी गांव में घुस जाते हैं। आतंकी मारे जाते हैं और गांव वालों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाता है।

 

कुछ ऐसा ही नजारा दिखा भारत और रूस के सैनिकों के बीच चल रहे इन्द्रा अभ्यास के समापन समारोह में। आठ नंवबर से शुरू हुए इस अभ्यास का ही नतीजा रहा कि दोनों देशों की सेनाओं ने वास्तविक जैसे दिखने वाले ऑपरेशन को बिना किसी दिक्कत के पूरा कर दिखाया। अभ्यास का थीम था कि कैसे कस्बे जैसी जगह में आतंकी हमले को नाकाम किया जाए।
 

अभ्यास के दौरान ये पाया गया कि दोनों देशों की सेनाएं एक ही तरह की चुनौती का सामना कर रही हैं और उससे निपटने का तरीका भी लगभग एक जैसा है। दो हफ्ते तक चले इस अभ्यास से दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी सहयोग और भरोसा बढ़ा है। गौरलतब है कि भारत और रूस की सेना हर साल इस तरह का साझा अभ्यास करती है। यह एक साल रूस में और एक साल भारत में होता है। हर साल इसकी थीम बदल दी जाती है। आतंकी हमलों को नाकाम करने में भारतीय सेना को महारत हासिल है। इस बार रूसी सेना ने आतंकी हमलों से कैसे निपटा जाए इसके गुर भारतीय सेना से सीखे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com