यह ख़बर 02 फ़रवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

भाजपा में शामिल हुए मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख सत्यपाल सिंह

नई दिल्ली:

मुंबई पुलिस के पूर्व प्रमुख सत्यपाल सिंह रविवार को भाजपा में शामिल हो गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के 'पुनर्निर्माण' में हिस्सा लेने के लिए 'अच्छी कुर्सी' छोड़ दी। पिछले हफ्ते ही उन्होंने पद से इस्तीफा दिया था और तभी से उनके भाजपा में शामिल होने का कयास लगाया जा रहा था।

पश्चिमी उत्तरप्रदेश के रहने वाले सिंह आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि देश में बदलाव लाने के लिए नरेंद्र मोदी का समर्थन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'समाज में बदलाव लाने के लिए हमें मोदी का साथ देना चाहिए।' ब्रिटिश शासन के खिलाफ 1857 की लड़ाई को याद करते हुए सिंह ने कहा कि 'नए आंदोलन' के लिए सिर्फ 90 दिन बाकी है। वह आगामी चुनावों का जिक्र कर रहे थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राजनीति में आने के अपने कदम को उचित ठहराते हुए उन्होंने एक मशहूर कविता की पंक्तियां सुनाई और कहा कि जो लोग 'निष्पक्ष' हैं, उनका भी इतिहास आकलन करेगा, क्योंकि बदलाव की लड़ाई में हिस्सा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'मैं कई महत्वपूर्ण पदों पर रहा। इन सभी वर्षों में मैं खतरों से भी खेलता रहा। हमें मोदी का सहयोग करना चाहिए।'