बिहार में ‘जंगलराज’ की वापसी के भाजपा के आरोप को शत्रुघ्न सिन्हा ने किया खारिज

बिहार में ‘जंगलराज’ की वापसी के भाजपा के आरोप को शत्रुघ्न सिन्हा ने किया खारिज

नीतीश कुमार को गले लगाते बीजेपी नेता शत्रुघ्‍न सिन्‍हा (फाइल फोटो)

पटना:

बिहार में रंगदारी के लिए इंजीनियरों की हत्या के कुछ मामले सामने आने पर राज्य में कथित ‘जंगलराज’ की वापसी के भाजपा के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि छोटी सी अवधि में किसी सरकार के प्रदर्शन को नहीं आंका जा सकता।

भाजपा और उसके गठबंधन सहयोगियों की ओर से बिहार में कथित ‘जंगलराज’ फिर से आ जाने का आरोप बार-बार लगाए जाने पर पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से सांसद सिन्हा ने कहा कि ‘छोटे सी अवधि में किसी सरकार का प्रदर्शन आंकने का यह कोई तरीका नहीं है।’ बिहार में करीब दो महीने पुरानी जदयू, आरजेडी और कांग्रेस की महागठबंधन सरकार के बारे में सिन्हा ने कहा, ‘बिहार की नई सरकार का तो हनीमून पीरियड भी अभी खत्म नहीं हुआ है।’

प्रदेश भाजपा के कुछ नेताओं की ओर से की गई ‘साजिश’ के विरोध में बिहार विधानसभा चुनावों के प्रचार अभियान से खुद को दूर रखने वाले सिन्हा ने सवाल दागा, ‘दिल्ली और महाराष्ट्र में क्या हो रहा है?’ गौरतलब है कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार के जिम्मे है, जबकि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सरकार है।

सिन्हा ने कहा, ‘नकारात्मक राजनीति कभी सफल नहीं होती। मैं नकारात्मक राजनीति का हिमायती नहीं हूं।’ इससे पहले, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी और अन्य ने दरभंगा में दो इंजीनियरों की हत्या और वैशाली सहित कुछ अन्य जिलों में हुई आपराधिक घटनाओं के बाद ‘जंगलराज-2’ का नारा दिया था। केंद्रीय मंत्री और लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने भी बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला था।

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी आपराधिक घटनाओं में बढ़ोत्तरी के खिलाफ प्रदर्शन करने की धमकी दी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान कई बार भाजपा के लिए शर्मिंदगी का सबब बन चुके सिन्हा ने अफसोस जताते हुए कहा, ‘अब तक हार पर गंभीर आत्म-मंथन नहीं किया गया है।’ अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके सिन्हा ने कहा, ‘बीमारी के इलाज के बगैर हम पूरी ताकत से आगे कैसे बढ़ पाएंगे?’