यह ख़बर 05 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

महाराष्ट्र में आखिरकार फडणवीस सरकार में शामिल हुई शिवसेना

मुंबई:

भाजपा और शिवसेना 15 वर्षों के बाद एक बार फिर महाराष्ट्र की सत्ता में आ गई हैं। आज दोपहर में 35 दिन पुरानी देवेंद्र फडणवीस नीत सरकार में शिवसेना के 10 मंत्री शामिल हुए।

शिवसेना का भाजपा सरकार में शामिल होना अपने आप में अनोखा है, क्योंकि ऐसा पहली बार है जब विपक्ष में बैठी कोई पार्टी सत्ताधारी पाले में आ गई है। हालांकि शिवसेना विपक्ष में थोड़े समय के लिए ही रही।

राज्यपाल सी विद्यासागर राव ने 20 मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई, जिसमें भाजपा और शिवसेना दोनों के 10-10 मंत्री शामिल थे। शपथ ग्रहण करने वाले कैबिनेट मंत्रियों में गिरीश बापत (भाजपा), गिरीश महाजन (भाजपा), दिवाकर राउते (शिवसेना), सुभाष देसाई (शिवसेना), रामदास कदम (शिवसेना), एकनाथ शिंदे (शिवसेना), चंद्रशेखर भवानकुले (भाजपा), बबनराव लोनीकर (भाजपा), डॉ. दीपक सावंत (शिवसेना) और राजकुमार बडोले (भाजपा) शामिल हैं।

शपथ ग्रहण करने वाले राज्य मंत्रियों में राम शिंदे (भाजपा), विजय देशमुख (भाजपा), संजय राठौड़ (शिवसेना), दादा भूसे (शिवसेना), विजय शिवतारे (शिवसेना), दीपक केसरकर (शिवसेना), राजे अमरीश अतराम (भाजपा), रवींद्र वायकर (शिवसेना), डॉ. रंजीत पाटिल (भाजपा) और प्रवीण पोटे (भाजपा) शामिल हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कैबिनेट के अगले विस्तार में शिवसेना के दो और मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है जो संभवत: राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के बाद होगा।