यह ख़बर 17 अक्टूबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

जम्मू-कश्मीर में तय समय पर होंगे चुनाव : सूत्र

श्रीनगर:

जम्मू एवं कश्मीर में विधानसभा चुनाव के टाले नहीं जाएंगे और ज्यादा संभावना है कि चुनाव निर्धारित समय पर ही होंगे। एक शीर्ष सूत्र ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने कहा कि इस बात की पूरी संभावना है कि दिसंबर महीने में ही यहां चुनाव होंगे और इसे अगले वर्ष के लिए नहीं टाला जाएगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य दो आयुक्त शनिवार को राज्य के दौरे के बाद तय करेंगे कि चुनाव कराए जाएं या नहीं।

राज्य में नई सरकार का गठन 19 जनवरी, 2015 से पहले हो जाना चाहिए, क्योंकि विधानसभा का छह वर्ष का कार्यकाल इस तिथि तक समाप्त हो जाएगा।

सूत्रों ने कहा, 'घाटी में हाल में आए बाढ़ के बाद प्रदेश की स्थिति पर गौर करने के बाद ही निर्वाचन आयोग इस वर्ष समय पर चुनाव कराने पर विचार करेगा।'

बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक के बाद मीडिया से कहा था कि हालिया बाढ़ के कारण राज्य की स्थिति यहां चुनाव कराने लायक नहीं है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मुख्य निर्वाचन आयुक्त वी.एस.संपत और दो अन्य आयुक्त एचएस ब्रह्मा तथा नसीम जैदी शनिवार को यहां दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। संपत शनिवार दोपहर यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर सकते हैं।