सुधींद्र कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोतने वाले छह शिवसैनिकों को जमानत

सुधींद्र कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोतने वाले छह शिवसैनिकों को जमानत

फोटो- शिवसेना कार्यकर्ताओं ने सुधींद्र कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोत दी थी

मुंबई:

ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन के अध्यक्ष सुधींद्र कुलकर्णी पर स्याही फेंकने के आरोप में एंटोप हिल पुलिस ने बीती रात छह शिवसैनिकों को गिरफ़्तार किया। हालांकि बाद में उन्हें ज़मानत मिल गई। पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री ख़ुर्शीद महमूद कसूरी की बुक लॉन्च के विरोध में सुधींद्र कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोती गई थी।

सुधींद्र कुलकर्णी उस कार्यक्रम के आयोजक थे। जहां एक ओर सुधींद्र कुलकर्णी के साथ हुई इस घटना की चारों ओर निंदा हो रही है। वहीं शिवसेना ने इसे जायज़ ठहराया है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि स्याही पोतना लोकतांत्रिक विरोध का एक हल्का तरीक़ा है। हालांकि बाद में सीएम फडणवीस की मध्यस्थता के बाद शिवसेना ने अपना विरोध वापस लिया।

दरअसल, विदेश नीति से जु़ड़े थिंक टैंक ओआरएफ के प्रमुख तथा पूर्व बीजेपी सदस्य सुधींद्र कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोतने के आरोप में पुलिस ने शिवसेना के कल छह कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। डीसीपी (जोन चार) अशोक डुढे ने बताया कि पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों में शिवसेना के शाखा प्रमुख गजानंद पाटिल शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान दिनेश प्रसाद, अशोक वाघमारे, प्रकाश हुसबे, समाधान जाधव और वेंकटेश नायर के रूप में की है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी की किताब के विमोचन से पहले कुलकर्णी के साथ यह घटना हुई। कार्यक्रमों को रद्द करने के शिवसेना के फरमान को नहीं मानने के लिए दिन में कुलकर्णी के चेहरे पर कालिख पोत दी गई।