सोनिया गांधी और राहुल गांधी 'अगंभीर राजनीतिकों' की मिसाल हैं : भाजपा

सोनिया गांधी और राहुल गांधी 'अगंभीर राजनीतिकों' की मिसाल हैं : भाजपा

अपने मंत्रियों के साथ पीएम मोदी (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से 'बहाने बनाने की बजाय काम करने' संबंधी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि कि खुद राहुल और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी देश में 'अगंभीर राजनीतिकों' के परिचायक हैं और उन पर 5000 करोड़ रुपयों के भ्रष्टाचार के मामले चल रहे हैं।

भाजपा सचिव और मीडिया प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने आरोप लगाया, 'भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी कांग्रेस का भ्रष्टाचार को पोषण और प्रश्रय देने का लंबा इतिहास रहा है। संसद को अकारण बाधित रख कर देश के गरीबों को भलाई से महरूम रखना कांग्रेस की आदत बन चुकी है।' मोदी द्वारा आज सोनिया और राहुल पर संसद की कार्यवाही में बाधा डालने का आरोप लगाने पर राहुल ने जवाब में कहा है 'प्रधानमंत्री बहाने बनाना छोड़ कर देश के लिए काम करें।'

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के काम करने का ही नतीजा है कि 'आर्थिक मंदी की अनिश्चितताओं के दौर में जब विश्व की तमाम बड़ी अर्थव्यवस्थाएं एक के बाद एक धराशायी हो रही हैं, ऐसे समय में भी भारत में एफडीआई में 39 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और कांग्रेस के 10 वर्षों के शासन के दौरान ऋणात्मक रहे विनिर्माण क्षेत्र में भी काफी सुधार देखा गया है।'

उन्होंने कहा कि भारत लगातार चार तिमाही से विश्व की सबसे तेज गति से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है।

भाजपा सचिव ने दावा किया कि जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है, महंगाई कम हुई है, जीडीपी में वृद्धि हुई है और राजकोषीय घाटा कम हुआ है।

उन्होंने कहा कि जो काम कांग्रेस 60 सालों में नहीं कर पायी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने मात्र 20 महीनों में ही करके दिखा दिया।

उन्होंने कहा कि इसकी पुष्टि आज विश्व के तमाम सर्वे और आर्थिक संस्थाएं कर रही हैं और उन्होंने भारत में हो रहे आर्थिक सुधारों की भूरि भूरि प्रशंसा की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

भाजपा नेता ने आरोप लगाया, 'मोदी के नेतृत्व में जब से केंद्र में भाजपा नीत सरकार आई है, भ्रष्टाचारी कांग्रेस और उनकी सहयोगी पार्टियां पूर्ण बहुमत से चुनी हुई देश की सरकार के प्रति असहिष्णु रवैया अपनाये हुए हैं। राहुल की नौटंकी से देश की जनता वाकिफ है और वह कांग्रेस उपाध्यक्ष के बहकावे में अब और आने वाली नहीं है।'