बदनाम करने की कितनी भी कोशिश करें, हम डरने वाले नहीं हैं : सोनिया गांधी

बदनाम करने की कितनी भी कोशिश करें, हम डरने वाले नहीं हैं : सोनिया गांधी

रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी...

नई दिल्ली:

कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जंतर-मंतर पर लोकतंत्र बचाओ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सब एक संदेश देने के लिए इकट्ठा हुए हैं, जिसे सिर्फ रायसीना में बैठे लोग ही नहीं बल्कि नागपुर में बैठे लोग भी यह सुनें, जिनके इशारे पर यह सरकार चल रही है। मैं यह साफ कहना चाहती हैं कि लोकतंत्र को नष्ट करने की ये जितनी भी कोशिश कर लें, हम जीते जी यह कामयाब नहीं होने देंगे।

हम डरने वाले नहीं हैं
सोनिया ने कहा, हमें डराने की, बदनाम करने की कोशिश जितनी भी ये लोग कर लें हम डरने वाले नहीं हैं। हमने जिंदगी में चुनौतियों का सामना करना सीखा है।

राष्ट्रविरोधी ताकतों से लड़ना नई बात नहीं
उन्हें पता नहीं कांग्रेस जन किस मिट्टी के बने हैं। राष्ट्रविरोधी ताकतों से लड़ना हमारे लिए नई बात नहीं है। हम यह लड़ाई लड़ना जानते हैं। हमने मानवता के लिए खून बहाया है, अपनी जान दी है। हम हर कुर्बानी देने के लिए तैयार है।

मोदी सरकार ने लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया
हमने 60-70 सालों ने लोकतंत्र को मजबूत किया, लेकिन दो साल में मोदी सरकार ने लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है। इनके राज में सब परेशान हैं, किसान, युवा, सभी परेशान हैं। किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर है, लेकिन मोदी सरकार ने आंखें बंद कर रखी हैं।

महंगाई के चलते आज परिवार चलाना मुश्किल
महंगाई के चलते लोगों को परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। सत्ता की इन लोगों की भूख बढ़ती जा रही है और अब ये लोग धन बल और बाहुबल का इस्तेमाल कर लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को गिराया है। आज उत्तराखंड के जंगल जल रहे हैं, लेकिन सरकार नहीं होने की वजह से कुछ नहीं हो पा रहा है।

कांग्रेस जन देश के कोने-कोने में जाकर मोदी सरकार का चेहरा बेनकाब करें
कांग्रेस ने पंचायती राज कानून लाकर लोकतंत्र को मजबूत किया, लेकिन अब इसे कमजोर किया जा रहा है। इससे महिलाओं, पिछड़ी जातियों को दूर किया जा रहा है। सोनिया ने कहा कि ये लोग दूसरे के चरित्र की हत्या का काम कर रहे हैं। विशेषकर कांग्रेस के खिलाफ इन्होंने पूरी ताकत झोंक रखी है। कांग्रेस झुकने वाली नहीं है। हम अन्याय और दमन से जमकर लोहा लेंगे। हम यह अपील करते हैं कांग्रेस जन देश के कोने-कोने में जाएं और मोदी सरकार का चेहरा बेनकाब करें।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com