यह ख़बर 09 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

'तानाशाही तरीके से काम कर रही हैं मायावती'

खास बातें

  • सपा के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं सांसद अखिलेश यादव को पुलिस ने बुधवार सुबह अमौसी हवाईअड्डे पर गिरफ्तार कर लिया।
लखनऊ:

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं सांसद अखिलेश यादव को पुलिस ने बुधवार सुबह अमौसी हवाईअड्डे पर गिरफ्तार कर लिया। अखिलेश सपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भी हैं। गिरफ्तारी के बाद संवाददाताओं से अखिलेश ने कहा, "मेरी गिरफ्तारी से यह साबित हो गया है कि मायावती सरकार तानाशाही तरीके से काम कर रही हैं।" यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों में भरोसा न करने वाली मायावती सरकार के इस दमनात्मक रवैए के खिलाफ हम हर लड़ाई लडेंगे चाहे राज्य सरकार हम पर कितने ही अत्याचार क्यों न कर ले। लखनऊ के पुलिस उप महानिरीक्षक डीके ठाकुर ने कहा कि अखिलेश प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने जा रहे थे। प्रदर्शन में हिस्सा लेने से पहले उन्हें गिरफ्तार किया गया। सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने अखिलेश की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए कहा, "हमारे नेता कोई कानून तोड़ने नहीं जा रहे थे..उनका पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने का कार्यक्रम था। यहां कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र कन्नौज जाना था।" उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी नागरिक अधिकारों पर कुठाराघात है। सपा ने मायावती सरकार के खिलाफ गत सात मार्च से तीन दिवसीय 'बसपा हटाओ, प्रदेश बचाओ' अभियान चला रखा है। प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तीसरे दिन यानी बुधवार को भी सपाइयों का प्रदर्शन  जारी रहा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com