तमिलनाडु के मछुआरों पर श्रीलंका की नौसेना ने किया पाइपों से हमला, कई मछुआरे घायल

तमिलनाडु के मछुआरों पर श्रीलंका की नौसेना ने किया पाइपों से हमला, कई मछुआरे घायल

तमिलनाडु के मछुआरों पर हमला...

खास बातें

  • तमिलनाडु के करीब 3000 मछुआरों को लौटने को मजबूर किया
  • हमले में कम से कम पांच मछुआरे घायल हो गए.
  • 100 से अधिक नावों का जाल काट दिया
रामेश्वरम:

श्रीलंकाई नौसेना ने कत्चातीवू के नजदीक मछली पकड़ रहे तमिलनाडु के करीब 3,000 मछुआरों पर कथित तौर पर हमला किया और उनका पीछा किया. इस घटना के कारण मछुआरों को खाली हाथ लौटना पड़ा.

रामेश्वर मत्स्य एसोसिएशन के अध्यक्ष एस अमीरात ने बताया कि श्रीलंकाई नौसेना के जवानों ने पाइपों का इस्तेमाल किया और उनके हमले में कम से कम पांच मछुआरे घायल हो गए.

उन्होंने बताया, नौसेना के जवानों ने करीब 100 से अधिक नावों का जाल काट दिया और मछुआरों को भागने और कल रात समुद्र तट पर लौटने के लिए विवश कर दिया. अमीरात ने बताया, मछुआरे 600 से अधिक नावों के साथ समुद्र में उतरे थे और जिस समय कत्चातीवू के नजदीक मछली पकड़ रहे थे उसी समय उन पर हमला किया गया.

इससे पहले पिछले हफ्ते श्रीलंकाई नौसेना ने नेदुनतीवू के नजदीक मछली पकड़ने के आरोप में तमिलनाडु के सात मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया था. पुडुकोट्टई मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक सेकर ने बताया कि पुडुकोट्टई जिले में जगदपट्टनम के मछुआरों को हिरासत में ले लिया गया और उन्हें उनकी दो नौकाओं के साथ कांगेसंतुरई बंदरगाह ले जाया गया. उन्होंने बताया कि श्रीलंकाई नौसैनिकों ने उनकी मशीनीकृत नौकाओं में से एक को टक्कर भी मारी और यह नौका डूब गई. इस नौका पर पांच मछुआरे सवार थे, जिन्हें उनके साथी मछुआरों ने बचाया.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com