श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के मछुआरों पर कथित रूप से हमला किया, नावें डुबोई

श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के मछुआरों पर कथित रूप से हमला किया, नावें डुबोई

प्रतीकात्मक फोटो

खास बातें

  • घटना तब हुई जब मछुआरे धनुषकोटि अपतटीय क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे
  • श्रीलंकाई नौसैनिकों ने करीब 70 नौकाओं के जाल नष्ट कर दिए
  • 2,000 से अधिक मछुआरों को भागने पर मजबूर होना पड़ा
रामेश्वरम:

श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के मछुआरों पर कथित तौर पर हमला करते हुए उन पर पथराव किया तथा उनकी एक मशीनीकृत नौका को डुबो दिया और मछली पकड़ने वाले जाल नष्ट कर दिए. घटना तब हुई जब मछुआरे धनुषकोटि अपतटीय क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे.

तमिलनाडु मशीनीकृत मछुआरा संगठन के अध्यक्ष पी सेसुराजा ने संवाददाताओं को बताया कि श्रीलंकाई नौसैनिकों ने करीब 70 नौकाओं के जाल नष्ट कर दिए और पत्थरबाजी की तथा बोतलें फेंकी. इस कारण 2,000 से अधिक मछुआरों को भागने पर मजबूर होना पड़ा और वे आज सुबह यहां समुद्र तट पर लौट आए.

उन्होंने बताया कि कुछ नावों के शीशों को भी नुकसान पहुंचा है. सेसुराजा ने बताया कि इस क्षेत्र के मछुआरे बीती रात मछली पकड़ने वाली 437 मशीनीकृत नौकाओं के साथ समुद्र में गए थे और धनुषकोटि अपतटीय क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे. उसी समय श्रीलंकाई नौसेना के जवानों ने उनकी नौकाओं में से एक को कथित तौर पर टक्कर मार दी.

उन्होंने दावा किया कि टक्कर के परिणामस्वरूप नाव के दो टुकड़े हो गए और यह डूब गई. उन्होंने बताया कि नाव पर पांच मछुआरे सवार थे जिन्हें साथी मछुआरों ने बचाया.

श्रीलंकाई नौसेना के जवानों द्वारा पुडुकोट्टई जिले के पांच मछुआरों को उनकी नौकाओं के साथ हिरासत में लेने के एक दिन बाद यह हालिया घटना सामने आई है.

 

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com