यह ख़बर 05 नवंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

जलवायु परिवर्तन पर पीएम के पैनल से सुनीता नारायण बाहर

फाइल फोटो

नई दिल्ली:

जलवायु परिवर्तन पर सरकार की नीतियों को काफी हद तक तय करने वाले पीएम के पैनल में फेरबदल किया गया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस पैनल से जानीमानी पर्यावरणविद  सुनीता नारायण को हटा दिया गया है। उनकी जगह संयुक्त राष्ट्र में जलवायु परिवर्तन भारत के अधिकारी रह चुके जे एम मॉस्कर को लाया गया है।

हालांकि इस पैनल में द एनर्जी रिसर्च इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर आरके पचौरी और उनके दो साथी नितिन देसाई और चंद्रशेखर दास गुप्ता इसके सदस्य बने रहेंगे। जलवायु परिवर्तन पर इस अहम पैनल के प्रमुख खुद पीएम होते हैं। उनके साथ विदेशमंत्री, वित्तमंत्री और पर्यावरण मंत्री समेत कई प्रमुख मंत्री भी इस परिषद का हिस्सा हैं। कैबिनेट सेक्रेटरी के अलावा नौकरशाह इसके सदस्य हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस पैनल की बैठक जल्द ही होगी। गौरतलब है कि इस साल के अंत में पेरू में जलवायु परिवर्तन का सालाना महासम्मेलन होना है। इस पैनल में फेरबदल तीन साल बाद किया गया है और इसे अहम माना जा रहा है क्योंकि  अगले साल पेरिस में होने वाले सम्मेलन में 2020 के बाद की नीति तय की जानी है, जिसमें अमीर और गरीब देशों के बीच वातावरण प्रदूषण को लेकर अहम फैसले लिए जाने हैं।

सुनीता नारायण ने एनडीटीवी से प्रतिक्रिया में कहा है कि हम इस पुनर्गठन से खुश हैं। जलवायु परिवर्तन पर सरकार को पूरा सहयोग करेंगे। हम चाहते हैं कि सरकार जलवायु परिवर्तन पर एक आक्रामक नीति अपनाए जिसमें आम लोगों का ख्याल रखा जाए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com