यह ख़बर 19 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

गुजरात : लड़की को मिली प्यार की सजा, पिता ने जिंदा जलाया

खास बातें

  • 20 साल की रूबीना अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी जिससे नाराज पिता ने उसे घर वापस बुलाकर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जला दिया।
सूरत:

गुजरात के सूरत शहर में शान के नाम पर कत्ल का मामला सामने आया है। खटोदरा इलाके के आजाद नगर में मोहम्मद शेख नाम के एक शख्स ने अपनी बेटी रूबीना को जलाकर मार डाला। 20 साल की रूबीना अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। पिता ने उसे शादी कराने का वादा करके बुलाया था। पुलिस ने मोहम्मद शेख को गिरफ्तार कर लिया है।

गौरतलब है कि 20 वर्षीय लड़की रूबीना शेख अपने प्रेमी जावेद युसूफ शेख के साथ शादी के करने के इरादे से घर से भाग गई थी। एक साल से जावेद से प्रेम करने वाली रूबीना को यह कहां पता था कि उसकी यह खता उसे इतनी महंगी पड़ने वाली है कि अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। प्रेमी जावेद शेख के साथ शादी करने के लिए भागी रूबीना को जान से मारने के लिए उसके पिता मोहम्मद ने उसे शादी करवा देने का भरोसा दिलाया और सूरत वापस बुलाया। उसके बाद पिता ने घर में ही पेट्रोल छिड़ककर रूबीना को आग के हवाले कर दिया जिससे बुरी तरह से जल गई रूबीना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना में रूबीना के पिता के हाथ भी बुरी तरह जल चुके हैं।  

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुलिस ने बताया कि मोहम्मद शेख के मुताबिक उसकी लड़की की इस हरकत से उसकी बदनामी हो रही थी और इसीलिए रूबीना के पिता ने जावेद के परिवार वालों से मिलकर बात की और कहा कि दोनों को वापस घर बुला लो हम शादी करवा देंगे। लड़की के पिता की बात लड़के के पिता को भा गई और उसने दोनों को सूरत वापस बुला लिया गया। लड़की और लड़के जैसे ही सूरत आए और उनकी शादी की बात ही चल रही थी तभी लड़की का पिता रूबीना को मां से मिलवाने के बहाने घर ले आया और लड़की पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी जिसमें बेटी की जलकर मौके पर ही मौत हो गई। बेटी को जलता देख बचाने भागी मां के हाथ भी झुलस गए जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।