यह ख़बर 07 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

सुषमा के 'नाच' पर गरमाई सियासत

खास बातें

  • राजघाट पर सत्याग्रह के दौरान सुषमा स्वराज सहित भाजपा के कई नेताओं के नृत्य करने को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
नई दिल्ली:

राजघाट पर सत्याग्रह के दौरान सुषमा स्वराज सहित भाजपा के कई नेताओं के नृत्य करने को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले पर सुषमा ने खुद का और पार्टी का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीतों पर नृत्य करने का अधिकार है।  दूसरी ओर, कांग्रेस ने भाजपा पर राष्ट्रपिता का अपमान करने आरोप लगाया।सुषमा ने कहा कि कांग्रेस लोगों का ध्यान भ्रष्टाचार और काले धन के मुद्दे से हटाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने यह सवाल भी किया कि क्या कांग्रेस की ओर से आ रही टिप्पणियों को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी का वरदहस्त प्राप्त है। उन्होंने कहा, मैं सोनिया गांधी से पूछना चाहूंगी कि क्या उनकी पार्टी इतने निम्न स्तर पर उतर आई है और क्या देशभक्ति के गीतों पर किसी पार्टी को नाचने वालों की पार्टी कहे जाने की टिप्पणी में उनकी सहमति है। सुषमा ने कहा कि भाजपा को नाचने वालों की पार्टी कहने वाले कांग्रेसी नेता की अभद्र भाषा बोलने की आदत है। उन्होंने इस संबंध में खासतौर पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह और बीके हरिप्रसाद को आड़े हाथों लिया। राजघाट पर नाचकर महात्मा गांधी की समाधि का अपमान करने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर सुषमा ने कहा, यदि गांधीजी ये देश है वीर जवानों का पर हमारा गाना और नाचना देखते तो वह भी खुश होते। उन्होंने कहा, इंटरनेट पर कांग्रेस नेताओं की डांस क्लिपिंग भरी हुई हैं। वे खोलकर देख सकते हैं कि इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी या शीला दीक्षित कितनी बार नाची हैं।इससे पहले, कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने इसी संदर्भ में भाजपा को नचनियों की पार्टी करार देते हुए उससे अपने नेताओं द्वारा महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर नाचने के लिए माफी मांगने को कहा। सिंह ने लखनऊ में संवाददाताओं से बातचीत में दिल्ली स्थित राजघाट में पिछले दिनों भाजपा के सत्याग्रह के दौरान वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज तथा कुछ अन्य पार्टी नेताओं के नाचने को शर्मनाक बताते हुए कहा कि भाजपा को इसके लिये माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, जिस विचारधारा ने महात्मा गांधी की हत्या की थी उसी के पोषक लोग राजघाट पर सत्याग्रह करने गए थे। सुषमा नाच रही थीं। भाजपा नचनियों की पार्टी कैसे हो गई। सिंह ने कहा, अपने नेताओं के महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर नाचने के लिए भाजपा को शर्म आनी चाहिए और उसे माफी मांगनी चाहिए। दिल्ली में कांग्रेस के एक अन्य महासचिव बीके हरिप्रसाद ने भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा, गांधी की समाधि पर नृत्य कर सुषमा ने न केवल राष्ट्रपिता, बल्कि सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं देशवासियों का अपमान किया है। गौरतलब है कि रविवार की भोर में दिल्ली के रामलीला मैदान में अनशन कर रहे योग गुरु बाबा रामदेव के समर्थकों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने राजघाट पर सत्याग्रह किया था। टीवी चैनलों पर प्रसारित इस कार्यक्रम की फुटेज में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज तथा कुछ अन्य नेताओं को नाचते हुए दिखाया गया था। 


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com