यह ख़बर 19 अप्रैल, 2013 को प्रकाशित हुई थी

सुषमा ने बलात्कार और पुलिस ज्यादतियों पर जताई गहरी चिंता

खास बातें

  • लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने राष्ट्रीय राजधानी में पांच साल की बच्ची के साथ बलात्कार और अलीगढ़ में महिलाओं के साथ पुलिस की ज्यादतियों पर शुक्रवार को गहरी चिंता जताई है।
नई दिल्ली:

लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने राष्ट्रीय राजधानी में पांच साल की बच्ची के साथ बलात्कार और अलीगढ़ में महिलाओं के साथ पुलिस की ज्यादतियों पर शुक्रवार को गहरी चिंता जताई है।

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘दिल्ली में पांच साल की बच्ची के साथ बलात्कार की वीभत्स बातें जान कर मैं अत्यधिक स्तब्ध हूं। उसे तुरंत एम्स ले जाना चाहिए।’’ वैसे उस बच्ची को आज शाम एम्स में भर्ती करा दिया गया है।

सुषमा ने अलीगढ़ में प्रदर्शनकारी महिलाओं पर पुलिस बर्बरता की भी आलोचना की। एक बच्ची के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या करने की घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रही महिलाओं की पुलिस उपाधीक्षक की अगुवाई में पिटाई की गई।

विपक्ष की नेता ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे लगा था कि दामिनी मामले के बाद, लोगों की सोच में बदलाव आएगा। दुर्भाग्यवश, हालात उससे भी खराब हो गए हैं। मैंने देखा कि एक एसीपी (सहायक पुलिस आयुक्त) ने इसका विरोध कर रही लड़की को थप्पड़ मारा। ये पुलिसकर्मी महिलाओं की सुरक्षा करने में अक्षम हैं। वे तो उल्टे उन्हें पीटते हैं।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अलीगढ़ की घटना के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने डीएसपी का तबादला कर दिया है और दो सिपाहियों को निलंबित किया है। उन्होंने कहा, ‘‘एसीपी को वर्दी पहनने पर शर्म आनी चाहिए।’’