यह ख़बर 07 मार्च, 2013 को प्रकाशित हुई थी

तरन तारन घटना : बादल ने कहा दोषी पुलिसकर्मी होंगे बर्खास्त

खास बातें

  • पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने गुरुवार को कहा कि तरन तारन में एक लड़की की पिटाई करने के दोषी पुलिसकर्मी सेवा से बर्खास्त किए जाएंगे।
चंडीगढ़:

पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने गुरुवार को कहा कि तरन तारन में एक लड़की की पिटाई करने के दोषी पुलिसकर्मी सेवा से बर्खास्त किए जाएंगे।

बादल ने कहा, ‘‘एक तंत्र है, एक महिला की पिटाई करना गलत है। यह राज्य सरकार की नीति के खिलाफ है। जांच के बाद यदि पुलिस दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया जाएगा।’’

एक लड़की और उसके पिता के साथ पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर तब मार पीट की जब उन्होंने कुछ ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिन्होंने सरेआम लड़की से छेड़छाड़ की और उस पर अश्लील टिप्पणी की।

घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए बादल ने आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ ‘कड़ी कार्रवाई’ की जाएगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सरकार ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। शुरुआती जांच के बाद इस घटना में शामिल कथित रूप से संलिप्त दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।