ठंड का मौसम परवान चढ़ा, इस शहर में पारा शून्य से 15.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा

लेह में इस मौसम की सबसे ठंडी रात, करगिल शहर में तापमान शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया

ठंड का मौसम परवान चढ़ा, इस शहर में पारा शून्य से 15.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा

प्रतीकात्मक फोटो.

जम्मू/श्रीनगर:

लेह में रविवार की रात इस मौसम की सबसे सर्द रात रही जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 15.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया. वहीं, करगिल शहर में तापमान शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

जम्मू में डोडा जिले के भद्रवाह में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. वहीं, बटोटे में 1.5 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल में 3.5 डिग्री सेल्सियस, जम्मू शहर का तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस और कटरा आधार शिविर का तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि सुबह के समय धूप निकलने की वजह से जम्मू और अन्य हिस्सों में दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने से लोगों को राहत मिली.

कश्मीर के श्रीनगर में रविवार की रात तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. वहीं, काजीगुंड में शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और निकटतम कोकरनाग में भी तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे और पहलगाम में शून्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया.

गुलमर्ग में रविवार की रात तापमान शून्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान विभाग ने कश्मीर में अगले सप्ताह मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जाहिर की है. अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के बाद रात का तापमान गिर गया है.
(इनपुट भाषा से)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com