पकड़े जाने के डर से आरोपी ने निगला सोने का मंगलसूत्र

Generic Image

मुंबई:

मुंबई पुलिस एक आरोपी की आवभगत में व्यस्त है। उसे केला खिलाया जा रहा है और खास तरल पेय पिलाया जा रहा है। ताकि पुलिस से बचने के डर से जो मंगलसूत्र वो निगल गया था, उसे बाहर निकाला जा सके।

एक्सरे रिपोर्ट के मुताबिक ढाई तोले सोने का मंगल सूत्र सीने और फेफड़ों के करीब अटका हुआ है। मुंबई पुलिस के डीसीपी धनंजय कुलकर्णी के मुताबिक 30 साल का आरोपी अनिल यादव एंटॉप हिल इलाके में राह चलती महिला राजश्री मयेकर के गले से मंगललसूत्र छीन कर भाग रहा था, तब लोगों ने दौड़ा कर उसे पकड़ लिया।

पकड़े जाने पर पिटाई के डर से चोर ने उस मंगलसूत्र को निगल लिया था। पुलिस अब आरोपी को केला खिला रही है। ऐसा माना जाता है कि केला खाने से दबाव बनता है और पेट भी साफ होता है। ऐसे मामलों में डॉक्टर भी केला खाने की सलाह देते हैं। पिछले साल साहू नगर में भी ऐसा ही एक चोर पकड़ा गया था। तब भी पुलिस ने उसे केला ही खिलाया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

आरोपी अनिल यादव हिस्ट्रीशीटर है, लेकिन मंगलसूत्र निगलने से वो भी सकते में हैं। पुलिस का कहना है अगर प्राकृतिक तरीके से मंगलसूत्र बाहर नहीं आया, तो फिर ऑपरेशन करवाकर मंगलसूत्र निकालना होगा।