पुलिस के साथ कथित झड़प को लेकर 'आप' के दो विधायकों के खिलाफ मामला दर्ज

बुराड़ी से 'आप' विधायक संजीव झा

नई दिल्ली:

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी थाने पर पुलिस के साथ कथित हिंसक झड़प को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के दो विधायकों और कुछ समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

झड़प में 15 लोग घायल हो गए। बुराड़ी से विधायक संजीव झा और मॉडल टाउन से विधायक अखिलेश त्रिपाठी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन उनके नाम प्राथमिकी में हैं। झड़प में नौ पुलिसकर्मी और संजीव झा सहित 'आप' के छह सदस्य घायल हुए हैं।

झड़प उस वक्त आरंभ हुई, जब संजीव झा के वाहन को थाने में नहीं जाने दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विधायक संजीव झा और उनके समर्थक उस वक्त थाने पहुंचे, जब कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि पुलिस प्रधान एनक्लेव कॉलोनी से एक लड़के का कथित तौर पर अपहरण करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है।

थाने पर एक गार्ड ने झा के वाहन को अंदर जाने से रोक दिया, जिसके बाद विधायक के समर्थक नाराज हो गए। फिर दोनों ओर से कहासुनी शुरू हुई और यह झड़प में तब्दील हो गई। इसके कुछ देर बाद त्रिपाठी भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। 'आप' के कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पथराव किया, तो पुलिस ने लाठियां भांजीं। झड़प में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस झटना में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com