यह ख़बर 02 फ़रवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

लैकफेड घोटाला : दो पूर्व मंत्रियों की जमानत याचिका खारिज, जेल भेजे गए

खास बातें

  • मायावती सरकार के दो मंत्री जेल भेजे गए हैं। इनके नाम रंगनाथ मिश्रा और चंद्र देव यादव हैं। लखनऊ ज़िला जज ने दोनों बसपा सरकार के मंत्रियों की ज़मानत अर्ज़ी ख़ारिज कर दी है।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के करोड़ों रुपये के श्रम एवं निर्माण सहकारी महासंघ (लैकफेड) घोटाला मामले के आरोपी पूर्ववर्ती मायावती सरकार के मंत्रियों रंगनाथ मिश्र तथा चंद्रदेव राम यादव की जमानत अर्जियां शनिवार को सत्र अदालत ने खारिज कर दीं। साथ ही मामले के एक अन्य आरोपी प्रवीण सिंह की भी जमानत याचिका निरस्त कर दी गई।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश केके शर्मा की अदालत ने ये आदेश तीनों आरोपियों की जमानत अर्जियों पर दिया। इससे पहले पूर्व मंत्रियों मिश्र तथा यादव को न्यायालय ने शुक्रवार तक के लिए अंतरिम जमानत प्रदान की थी।

इन दोनों आरोपियों के जमानत मामले में अदालत ने सुनवाई के बाद उन्हें जमानत पर रिहा करने से इनकार कर दिया। सुनवाई के दौरान दोनों पूर्व मंत्री भी न्यायालय में पेश हुए जिन्हें जमानत अर्जी खारिज होने के बाद गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया।

इस मामले में पहले से ही जेल में बंद तीसरे आरोपी प्रवीण सिंह की लम्बित जमानत अर्जी पर सुनवाई मुल्तवी किए जाने का आग्रह किया गया। आरोपी की इस गुजारिश को अदालत ने नामंजूर करके सिंह की जमानत अर्जी भी खारिज कर दी।

यह मामला राजधानी के हुसैनगंज थाना क्षेत्र से सम्बन्धित है जिसमें मिश्र, यादव तथा सिंह एवं अन्य आरोपियों के खिलाफ लैकफेड के जरिये निर्माण कार्य कराने के नाम पर करोड़ों रुपये के गबन का आरोप है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इनपुट भाषा से भी)