दिल्ली की 'हाईटेक' तिहाड़ जेल में सुरंग बनाकर एक कैदी फरार, दूसरा पकड़ा गया

नई दिल्ली:

एशिया की सबसे सुरक्षित जेल माने जाने वाली तिहाड़ जेल से 2 विचाराधीन कैदियों ने भागने की कोशिश की। एक पकड़ा गया तो एक भागने में कामयाब रहा। फिल्मी स्टाइल से भागने के इस तरीके ने तिहाड़ में लगी सुरक्षा की धज्जियां उड़ा दी हैं। तिहाड़ में कैदियों के भागने की ये तीसरी घटना है।

इससे पहले अलग-अलग घटनाओं में चार्ल्स शोभराज, शेर सिंह राणा और 16 विचाराधीन भाग चुके हैं। 14 हजार से ज्यादा कैदियों वाली तिहाड़ जेल में शनिवार की शाम जेल नंबर सात में कैदियों की गिनती हुई तो पता चला कि जावेद और फैजान नाम के दो कैदी गायब हैं। थोड़ी देर में फैजान तो पकड़ा गया लेकिन जावेद फरार हो गया अधिकारियों के मुताबिक घटना कुछ ऐसे हुई।

ऐसे भागा कैदी
- 21 कैदियों के साथ रोजा वार्ड में बंद जावेद और फैजान पहले जेल नंबर 7 की 13 फीट ऊंची दीवार कूदे।
- उसके बाद करीब 12 फीट ऊंची एक और दीवार फांदी।
- फिर 16 फीट ऊंची और 2 फीट मोटी तीसरी दीवार में सुराख किया।
- यहां से निकलने के बाद करीब 13 फीट ऊंची एक और दीवार पार की।
- और फिर जेल के नाले में आखिरी जंप मारी।
- नाले में गिरकर फैजान जख्मी हुआ और पकड़ा गया।
- जबकि कीचड़ में सना जावेद भाग गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

तिहाड़ जेल के प्रवक्ता मुकेश कुमार के मुताबिक जेल नंबर 2 के सुप्रिटेंडेंट को इस मामले की जांच सौंपी गयी है और 2 दिन में उन्हें रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। हैरानी ये भी है कि तिहाड़ प्रशासन ने पुलिस में 24 घंटे बाद मामला दर्ज कराया गया। अब उपराज्यपाल, दिल्ली सरकार ने भी अपनी ओर से जांच बिठाई है। दिल्ली के गृहमंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि इस मामले में दोषी लोगों पर बहुत सख्त कार्यवाई की जायेगी। पुलिस के मुताबिक जावेद और फैजान पर सेंधमारी के मामले दर्ज हैं इसीलिए वो सुरंग बनाने या दीवार फांदने में माहिर हैं।