यह ख़बर 03 अगस्त, 2012 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली छोड़ उत्तर भारत में बादल मेहरबान

खास बातें

  • उत्तर भारत में कमोबेश बादलों ने शुक्रवार को मेहरबानी दिखाई लेकिन दिल्ली में लोग आज भी इंतजार करते रहे। उधर मध्य प्रदेश में हो रही लगातार बारिश के कारण जनधन की काफी हानि हुई है।
नई दिल्ली:

उत्तर भारत में कमोबेश बादलों ने शुक्रवार को मेहरबानी दिखाई लेकिन दिल्ली में लोग आज भी इंतजार करते रहे। उधर मध्य प्रदेश में हो रही लगातार बारिश के कारण जनधन की काफी हानि हुई है।

दिल्ली में शुक्रवार को भी बारिश न होने के कारण दिन भर उमस रही। न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री अधिक 28.8 डिग्री सेल्सियस था जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को बारिश होने की उम्मीद जताई है। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह 0.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में इस मानसून में अब तक केवल 134.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से 56 प्रतिशत कम है। दिल्ली में 20 सितम्बर तक मानसून रहने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और सूबे के अन्य शहरों में बारिश की बेरुखी से पेरशान किसानों के चेहरे शुक्रवार को खिल उठे। शुक्रवार सुबह से ही लखनऊ व प्रदेश के अन्य इलाकों में अच्छी बारिश हुई।

उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि राज्य के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में भी बारिश हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना समेत बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसमविदों ने और बारिश की सम्भावना व्यक्त की है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार सुबह पटना का तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस था जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 32 डिग्री दर्ज किया गया। इधर, पटना में पिछले 24 घंटे के दौरान 20.3 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि भागलपुर में 6.0 मिलीमीटर और गया में 105.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एके सेन ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान बादल छाए रहेंगे तथा राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की और मध्यम बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में पिछले एक सप्ताह में सक्रिय हुए मानसून के कारण जारी बारिश ने जहां सात जिलों में भारी मुसीबत खड़ी की है, वहीं कई जिलों को गर्मी से राहत दी है।

राज्य के पूर्वी हिस्से से प्रवेश किए मानसून ने पश्चिमी हिस्से को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया है। इसके चलते राज्य के होशंगाबाद, उज्जैन, सीहोर, विदिशा, नरसिंहपुर, देवास सहित 13 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। नदी-नालों में उफान आने से राज्य के कई जिलों में जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। वहीं दूसरी ओर राज्य के 11 जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान बुंदेलखंड के हिस्से में भी बारिश होने से वहां गर्मी से कुछ राहत मिली है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राजधानी का अधिकतम तापमान 26.8 व न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य के कई हिस्सों मे आगामी 24 घंटों में बारिश हो सकती है।