आसाराम मामले के गवाह को गोली मारी, अब तक नौ गवाहों पर हो चुके हैं हमले

आसाराम मामले के गवाह को गोली मारी, अब तक नौ गवाहों पर हो चुके हैं हमले

शाहजहांपुर:

आसाराम यौन उत्पीड़न मामले के एक गवाह कृपाल सिंह को देर रात यूपी के शाहजहांपुर में अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। उनकी हालत गंभीर है और उन्हें बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आसाराम केस में अब तक नौ गवाहों पर हमले हो चुके हैं। 35-वर्षीय कृपाल सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी बाइक पर बैठे दो लोगों ने उन पर गोली चला दी। कृपाल सिंह को पीठ में गोली लगी है। दोनों ने कथित रूप से उन्हें आसाराम के खिलाफ गवाही न देने की चेतावनी दी और मौके से फरार हो गए।

अतिरिक्त सिटी मजिस्ट्रेट को दिए एक बयान में कृपाल सिंह ने आरोप लगाया था कि आसाराम से जुड़े कुछ लोग उसे पिछले कुछ दिनों से धमका रहे थे। पुलिस ने बताया कि कृपाल सिंह उस परिवहन कंपनी में कर्मचारी हैं, जिसके मालिक की बेटी ने आसाराम के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस वर्ष जनवरी में एक अन्य गवाह की मुजफ्फरनगर में गोली लगने से मौत हो गई थी। वह आसाराम आश्रम में बावर्जी का काम करता था। उल्लेखनीय है कि आसाराम पर एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न का आरोप है और इस मामले में वह सितंबर 2013 से जेल में बंद हैं। (इनपुट भाषा से)