यह ख़बर 24 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

झारखंड में रिश्तेदार का शव लेकर लौट रही महिला पुलिसकर्मी से गैंगरेप

खास बातें

  • पीड़ित महिला पुलिसकर्मी रांची से नक्सली हमले में मारे गए अपने एक रिश्तेदार का शव लेकर आ रही थी। जैसे ही उनकी गाड़ी लातेहार पहुंची, तीन लुटेरों ने उनलोगों पर हमला कर दिया। बदमाशों ने महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया और उसके रिश्तेदारों को लूट लिया।
रांची:

झारखंड में गुरुवार को एक महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया। इस वारदात की जानकारी आज सामने आई है। लातेहार में लुटेरों ने झारखंड पुलिस की एक सिपाही को अपनी हवस का शिकार बनाया।

पीड़ित महिला पुलिसकर्मी रांची से नक्सली हमले में मारे गए अपने एक रिश्तेदार का शव लेकर गढ़वा जा रही थी। जैसे ही उनकी गाड़ी लातेहार पहुंची, तीन लुटेरों ने उनलोगों पर हमला कर दिया।

लुटेरों ने महिला के साथ उसी वाहन में सामूहिक बलात्कार किया और उसके रिश्तेदारों को लूट लिया। उन लोगों ने कथित तौर पर वहां से गुजर रहे अन्य वाहनों में भी लूटपाट की। जिस जगह इस वारदात को अंजाम दिया गया, वहां से जिला मुख्यालय सिर्फ पांच-सात किलोमीटर दूर है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पीड़ित महिला विधवा है और उसे उसके पति की कुछ वर्ष पूर्व नक्सलियों द्वारा हत्या कर दिए जाने के बाद झारखंड पुलिस में नौकरी दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ लोगों से पूछताछ की है, लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।